एक फोन कॉल ने किसान को दिया बड़ा झटका, जम्मू में 24 कनाल में खड़ी बासमती की फसल चंद मिनटों में राख
सीमावर्ती गांव सतराईयां में शार्ट सर्किट से लगी आग में किसान शैलो सिंह की 24 कनाल बासमती धान की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान ने सरकार और प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

सतराईयां में 24 कनाल बासमती फसल राख। (फोटो- जागरण)
HighLights
शार्ट सर्किट से सतराईयां में बासमती फसल में आग लगी।
किसान शैलो सिंह की 24 कनाल फसल जलकर राख हुई।
पीड़ित किसान ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की।
जागरण संवाददाता, आरएसपुरा। जम्मू के सीमावर्ती गांव सतराईयां में शार्ट सर्किट से लगी आग में एक किसान की फसल राख हो गई। गुरुवार दोपहर किसान शैलो सिंह की 24 कनाल भूमि पर खड़ी बासमती धान की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसान ने सरकार और प्रशासन से नुकसान का आकलन करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
किसान शैलो सिंह और परमजीत सिंह मन्हास ने बताया कि दोपहर को उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फसल नष्ट हो गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीमावर्ती गांव में पहली बार आग से जली बासमती की खड़ी फसल
पूर्व पंच प्रवीण सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में किसानों को पहले भी गेहूं की फसल में आग लगने से नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन गांव में बासमती की खड़ी फसल जलने का यह पहला मामला है।
आग में पूरी फसल नष्ट होने से किसान के सामने आर्थिक संकट
पीड़ित किसान शैलो सिंह के पास जितनी भी फसल थी, वह नष्ट हो चुकी है। ऐसे में किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन करवाकर पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए।
प्रशासनिक टीम करेगी जली हुई फसल के नुकसान की जांच
एसडीएम आरएसपुरा अनुराधा ठाकुर ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेगी और नुकसान की स्थिति का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।