Jammu: संजय नगर में गली-नाली का निर्माण शुरू होने से राहत, वर्षो पुरानी थी लोगों की मांग
करीब अढ़ाई साल के कार्यकाल में वार्ड में बहुत से विकास कार्य करवाए हैं। आगे भी इसी तरह काम करवाए जाएंगे। कॉरपोरेटर ने कहा कि हालांकि नगर निगम से पर्याप्त फंड नहीं मिलने और काेरोना महामारी के आ जाने से काफी कामकाज प्रभावित हुए।
जागरण संवाददाता, जम्मू : वर्षों से गली व नाली का निर्माण करने की मांग कर रहे संजय नगर के सेक्टर-2 के लोगों को आज उस समय राहत मिली जब इस काम को शुरू करवाया गया। उन्होंने इसके लिए कॉरपोरेटर का आभार जताया और आशा व्यक्त की कि शेष समस्याओं के निवारण में भी वह कभी कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
वीरवार को कॉरपोरेटर द्वारका चौधरी ने वार्ड नंबर 46 के संजय नगर में इस कार्य का शुभारंभ किया। सेक्टर-2 के लोगों ने कॉरपोरेटर से मिलकर गली-नाली की समस्या उठाई थी। कॉरपोरेटर ने भरोसा दिलाया था कि जल्द ही इसका काम शुरू करवाएंगे। बुधवार को उन्होंने अपने वादे को पूरा करते हुए निर्माण कार्य शुरू करवा दिया।
इस मौके पर नगर निगम के एइइ जनक सिंह, जेई मंजोत सिंह के अलावा नरेश कुमार, प्रकाश चौधरी, विक्रम सिंह, संजय कुमार, हरबंस लाल शर्मा, स्वर्ण सिंह, किक्की जट्ट, यश्पाल आदि मौजूद थे। यहां लोगों को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि लोगों की यह एक लंबित मांग थी। वर्षों से गली व नाली की हालत खराब थी।
जगह-जगह से नाली व गली टूटी हुई थी। अब इसे बनाकर लोगों को राहत पहुंचा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि करीब अढ़ाई साल के कार्यकाल में वार्ड में बहुत से विकास कार्य करवाए हैं। आगे भी इसी तरह काम करवाए जाएंगे। कॉरपोरेटर ने कहा कि हालांकि नगर निगम से पर्याप्त फंड नहीं मिलने और काेरोना महामारी के आ जाने से काफी कामकाज प्रभावित हुए।
फिर भी कोशिश की जा रही है कि ज्यादा से ज्यादा कार्यों को करवा लिया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात को ध्यान में रखते हुए नालियों व नालों की सफाई करवाई जा रही है। लोगों से अपील की कि वे घरों से निकलने वाले कचरे, मलबे को नालियों, नालों में न फेंके।