विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: सांबा पुल घोटाले में बड़ा एक्शन, 5 और कर्मचारी सस्पेंड; 10 करोड़ खर्च होने के बाद भी प्रोजेक्ट अधूरा

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:30 PM (IST)

सांबा जिले के सुंब ब्लॉक में निर्माणाधीन पुल में वित्तीय और तकनीकी अनियमितताओं के चलते लोक निर्माण विभाग ने पांच और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। 

सांबा के बहुचर्चित सुंब पुल घोटाले में अब तक 9 अधिकारियों-कर्मचारियों पर गिरी गाज। (फोटो- जागरण)

सांबा के बहुचर्चित सुंब पुल घोटाले में अब तक 9 अधिकारियों-कर्मचारियों पर गिरी गाज। (फोटो- जागरण)

जागरण संवाददाता, जम्मू। सांबा जिले के सुंब ब्लाक में निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित पुल में हुई वित्तीय और तकनीकी अनियमितताओं पर सरकार का शिकंजा और कस गया है। लोक निर्माण (आरएंडबी) विभाग ने एक नया आदेश जारी करते हुए इस मामले में पांच और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इससे पहले चार इंजीनियरों को सस्पेंड किया गया था, जिससे इस बहुचर्चित घोटाले में निलंबित होने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की कुल संख्या अब बढ़कर नौ हो गई है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा नियमों के तहत आचरण की जांच लंबित रहने तक पांच कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।

इनमें आरएंडबी डिवीजन नगरोटा के हेड ड्राफ्ट्समैन कौशल बडू, पीएमजीएसवाई डिवीजन जम्मू की हेड ड्राफ्ट्समैन अंजना, डीआईक्यूसी जम्मू के ड्राफ्ट्समैन अरुण कुमार, चीफ इंजीनियर पीएमजीएसवाई जम्मू कार्यालय के ड्राफ्ट्समैन सन्नी शर्मा और पीएमजीएसवाई डिवीजन ऊधमपुर के कंप्यूटर आपरेटर चंदन शामिल हैं।

पहले सस्पेंड और अटैच हो चुके हैं ये वरिष्ठ इंजीनियर

इस मामले में कार्रवाई की पहली खेप के दौरान लोक निर्माण विभाग ने सरकारी आदेश संख्या 394-पीडब्ल्यू(आरएंडबी) आफ 2026 और 395-पीडब्ल्यू(आरएंडबी) आफ 2026 जारी कर चार इंजीनियरों को निलंबित और एक वरिष्ठ अधिकारी को अटैच किया था।

पूर्व में निलंबित किए गए अधिकारियों में पीएमजीएसवाई डिवीजन जम्मू के इंचार्ज एक्सईएन भूपिंद्र कुमार बणोत्रा, इंचार्ज एईई मोहम्मद फरियाद, इंचार्ज प्रभारी एईई निपुन कौशल और पीएमजीएसवाई डिवीजन ऊधमपुर के जेई विजय कुमार रसोत्रा शामिल थे। इसके अतिरिक्त पीएमजीएसवाई सर्कल जम्मू के अधीक्षक अभियंता (एसई) अभिषेक गुप्ता को भी पद से हटाकर अटैच किया गया था।

करोड़ों खर्च होने के बाद भी अधूरा है पुल

यह पूरा मामला सांबा जिले के सुंब ब्लाक में टीओआई से तलूर होते हुए धलोट जाने वाली सड़क पर बन रहे एक लंबे पुल के निर्माण से जुड़ा है। इस प्रोजेक्ट को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-3, बैच-2, वर्ष 2023-24) के अंतर्गत मंजूरी दी गई थी।

लगभग 181.60 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि खर्च हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद काम अधूरा पड़ा है। इस परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उपमुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से खुला था अनियमितताओं का राज

इस घोटाले की परतें तब खुलनी शुरू हुईं जब अक्टूबर महीने की शुरुआत में उपमुख्यमंत्री ने सांबा के नड़ और सुंब ब्लाक में निर्माणाधीन पुलों का औचक निरीक्षण किया था। मौके पर निर्माण कार्य की धीमी गति और पुल के ढांचे की गुणवत्ता में गंभीर खामियां पाए जाने पर उन्होंने कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे।

प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद विभाग ने पहले चार इंजीनियरों को निलंबित किया और अब ओर पांच लोगों को पर कार्रवाई की गई है।

नए अधिकारियों ने संभाला कार्यभार

निलंबन की कार्रवाइयों के बीच प्रशासनिक और तकनीकी कामकाज को सुचारू बनाए रखने के लिए विभाग ने नई नियुक्तियां भी कर दी हैं। निलंबित एक्सईएन भूपिंद्र कुमार बणोत्रा के स्थान पर राहत गुप्ता ने कार्यकारी अभियंता का कार्यभार संभाल लिया है, जबकि अटैच किए गए एसई अभिषेक गुप्ता की जगह पीडब्ल्यू(आरएंडबी) सर्कल नार्थ जम्मू की अधीक्षक अभियंता पूजा वजीर को पीएमजीएसवाई सर्कल जम्मू का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

विभाग के अनुसार, भुगतान राशि जारी करने समेत अन्य पहलुओं पर उच्च स्तरीय और गोपनीय विभागीय जांच जारी है तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुल के आगे के निर्माण कार्यों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।