Move to Jagran APP

मांगे मानी, हड़ताल खत्म, काम पर लौटे सफाई कर्मचारी, शहर में दोबारा शुरू हुई सफाई Jammu News

सफाई कर्मचारी किसी का बुरा नहीं चाहते लेकिन उनकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने एक दूसरे को बधाई देकर जीत की खुशी का इजहार किया।

By Rahul SharmaEdited By: Published: Fri, 02 Aug 2019 05:11 PM (IST)Updated: Fri, 02 Aug 2019 05:11 PM (IST)
मांगे मानी, हड़ताल खत्म, काम पर लौटे सफाई कर्मचारी, शहर में दोबारा शुरू हुई सफाई Jammu News

जम्मू, जागरण संवाददाता। चार दिनों की हड़ताल के बाद आखिरकार जम्मू नगर निगम प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों की मांगों को मान लिया। इसके साथ ही शुक्रवार शाम को सफाई कर्मचारियों ने कामकाज शुरू कर दिया। कल से सभी वार्डों में सफाई होगी। बदबू मारती गंदगी से निजात मिलेगी।

loksabha election banner

शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में नारेबाजी शुरू की। जोरदार प्रदर्शन करते हुए आंदोलन को तेज करने पर जोर दिया जाने लगा। इसी बीच मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया भाजपा व अन्य पार्टियों के कॉरपोरेटरों के साथ कर्मचारियों में पहुंचे। उन्होंने समझाना शुरू किया। मेयर ने भी सभी के साथ बातचीत कर मांगों को पूरा करना का विश्वास दिलाया। ज्यूल चौक में कर्मचारियों को समझाते हुए फौरन काम पर लौटने की बात कही लेकिन कर्मचारियों ने लिखित में मिलने के बाद ही हड़ताल समाप्त करने की बात कही। इसके बाद मेयर के निर्देशों पर म्यूनिसिपल कमिश्नर पंकज मंगोत्रा ने सफाई कर्मियों के साथ बैठक शुरू की। दोपहर को शुरू हुई इस बैठक के बाद करीब तीन बजे हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई।

सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले साढ़े चार दिन तक चली इस हड़ताल से पूरा शहर गंदगी के ढेरों से पट गया था। यूनियन के निवर्तमान प्रधान रिंकू गिल ने कहा है कि म्यूनिसिपल कमिश्नर ने मांगें मान ली हैं। जिन 26 वार्डों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा था, वो आदेश रद कर दिया गया है। इतना ही नहीं पहले से एनजीओ को सौंपी गईं 15 वार्ड भी वापस ले लिए गए हैं। इसके साथ ही शहर में कोई भी वार्ड निजी हाथों में नहीं रह गया। उन्होंने कहा कि 181 कर्मचारियों की सूची तैयार कर बोर्ड में लगा दी गई है। इसमें आपात्तियां मांगी गई हैं। कोई आपात्ति नहीं आती तो 15 दिनों बाद इनमें से 139 कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। लिखित में हो चुका है। सफाई कर्मचारियों के साक्षात्कार में अब दौड़ न लगाकर हाथों में झाडू लेकर काम लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 33 कंट्रेक्चुअल ड्राइवरों को पक्का करने संबंधी फाइल को सचिवालय से बिना देरी पारित करवाया जाएगा। इसके लिए मेयर व सफाई कर्मचारी नेता सचिवालय जाएंगे। जरूरत पड़ी तो इसके लिए बेशक सचिवालय में प्रदर्शन भी करना पड़ेगा तो पीछे नहीं रहेंगे।

रिंकू ने कहा कि हमारे कहने के बिना ही नगर निगम के पुनर्गठन के संबंध में प्रशासन ने सचिवालय को पत्र लिख दिया है। इसे जल्द लागू करवाया जाएगा। निगम के पुनर्गठन से 2500 पक्का स्थायी मुलाजिम मिल जाएंगे। फिर कोई मुश्किल नहीं रह जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह सारी मांगों को मान लेने के बाद हड़ताल को खत्म कर दिया गया है। शाम चार बजे से सफाई कर्मचारी काम शुरू कर रहे हैं। शनिवार से पुन: वार्डों में साफ-सफाई रूटीन में शुरू हो जाएंगी। चार दिनों की गंदगी को दो दिनों में उठा लिया जाएगा। रिंकू ने यूनियन की तरफ से मेयर, डिप्टी मेयर, चेयरमैन समेत सभी कॉरपोरेटरों व म्यूनिसिपल कमिश्नर व अन्य निगम स्टाफ का आभार जताया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर हड़ताल में शामिल होने के लिए भी धन्यवाद किया। उन्होंने शहर वासियों से भी कुछ दिनों तक इस परेशानी को झेलने के लिए क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी किसी का बुरा नहीं चाहते लेकिन उनकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने एक दूसरे को बधाई देकर जीत की खुशी का इजहार किया।

22 जुलाई से धरना प्रदर्शन किया था शुरू

सफाई कर्मचारियों ने 22 जुलाई को म्यूनिसिपल कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट करना शुरू किया था। इससे पहले 17 जुलाई को जनरल हाउस की बैठक में 26 वार्डों के निजीकरण की घोषणा की गई थी। इसके बाद रोजाना धरना देते हुए कर्मचारियों ने एकजुट होना शुरू किया। 72 घंटे का अल्टीमेटम देने के बाद 29 से हड़ताल शुरू कर दी। शहर में कोई सफाई नहीं हुई। रोजाना निकलने वाला करीब 400 मीट्रिक टन कचरा मुहल्लों में बदबू का सबब बनने लगा। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बन गया था।

मेयर ने काम पर लौटने को कहा

मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने सभी सफाई कर्मचारियों को बधाई देते हुए जल्द काम पर लौट शहर को साफ-सुथरा बनाने की अपील की। उन्होंने शहर वासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द जम्मू में हालात सामान्य हो जाएंगे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को निगम परिवार का हिस्सा करार देते हुए उनके साथ किसी प्रकार की अनदेखी नहीं होने देने का यकीन दिलाया।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.