जम्मू को गड्ढों से मिलेगी मुक्ति, अब 45 करोड़ से होगा सड़कों का कायाकल्प; इन रास्तों पर पहले चलेगा काम
बरसात के बाद जम्मू की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने 45 करोड़ रुपये का बजट ...और पढ़ें

जम्मू की सड़कों का होगा कायाकल्प, पीडब्ल्यूडी ने जारी किए 45 करोड़। (AI Generated)
HighLights
PWD ने सड़कों के लिए 45 करोड़ का विशेष बजट आवंटित किया।
बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और ब्लैकटापिंग को प्राथमिकता दी जाएगी।
शहर के व्यस्त और भारी यातायात वाले मार्गों पर काम होगा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। बरसात बीती, पर मंदिरों के शहर जम्मू की रफ्तार आज भी गड्ढों में उलझी है। पाश रिहाइश से लेकर व्यस्त बाजारों तक उखड़ी सड़कें हादसों को खुला न्योता दे रही हैं और सफर रोज का इम्तिहान बन चुका है। जनता के बढ़ते आक्रोश के बीच अब लोक निर्माण विभाग हरकत में आया है और सड़कों के कायाकल्प के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
पीडब्ल्यूडी सूत्रों के अनुसार, बरसात के बाद शहर और आसपास के क्षतिग्रस्त मार्गों की ब्लैकटापिंग, पैचवर्क और नए सिरे से निर्माण के लिए यूटी कैपेक्स और सिटी एंड टाउन प्रोग्राम के तहत करीब 45 करोड़ रुपये का विशेष बजट आवंटित किया गया है।
इस बजट का एक बड़ा हिस्सा गड्ढा-मुक्त अभियान और भारी यातायात वाले मुख्य कारिडोर्स पर 50एमए से 75एमएम डामर की नई परत बिछाने के लिए टेंडर्स के माध्यम से जारी किया जा रहा है।
प्राथमिकता वाले मार्ग
विभागीय कार्ययोजना के तहत पहले चरण में उन सड़कों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां वाहनों का दबाव सर्वाधिक है। लंबे समय से खस्ताहाल ट्रांसपोर्ट नगर के इंटरनल रूट्स और मार्शैलिंग यार्ड मार्ग के लिए लगभग 2.53 करोड़ की लागत से मैकाडमाइजेशन कार्य को मंजूरी मिली है।
इसके अलावा बरसात के दौरान उखड़ी व्यस्त आरएसपुरा-कुल्लियां-मीरां साहिब सड़क, नाली निर्माण के बाद उपेक्षित पड़े पौनी चक-बंड वजीरां मार्ग और अखनूर रोड व कनाल रोड के फीडर स्ट्रेच पर रिसर्फेसिंग का काम शुरू किया जा रहा है।
साथ ही सीवरेज व पाइपलाइन डालने के कारण धंसे पुरानी मंडी, तालाब तिल्लो, जानीपुर-बन तालाब रूट और गांधी नगर व नानक नगर के आंतरिक लिंक रोड्स को भी समतल कर नई परत बिछाई जाएगी।
क्या कहते हैं लोग
नरवाल निवासी मोनू कुमार कहते हैं, 'हर बरसात के बाद यही कहानी दोहराई जाती है और सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क, पता ही नहीं चलता। विभाग महज लीपापोती करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ काम करे ताकि पहली बारिश में ही सड़क न बह जाए।
ग्रेटर कैलाश निवासी तानिया सिंह कहती हैं, 'स्कूटर से दफ्तर जाना रोज कमर दर्द को दावत देना है और टैक्स चुकाने के बाद भी चलने लायक समतल सड़क न मिलना सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही है। जनता को बेबकूफ बनाया जाता है।
गुज्जर नगर निवासी शौकत चौधरी कहते हैं, 'दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढों में अचानक ब्रेक लगाना जानलेवा साबित हो रहा है।बाजारों में उड़ती धूल और उखड़ी गिट्टियों से व्यापार पर भी सीधा असर पड़ा है। नेताओं और अधिकारियों का अपना दायित्व समझना चाहिए।'
मरम्मत कार्य शुरू करवाए गए
पीडब्ल्यूडी एक्सईएन सादिक अहमद वानी ने बताया कि बरसात और नमी के कारण डामरीकरण का काम तुरंत शुरू नहीं किया जा सका था क्योंकि गीली सतह पर तारकोल टिकता नहीं है। अब मौसम अनुकूल होते ही सभी डिवीजनों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। कुछ हिस्सों में काम आवंटित भी हो चुका है।
भारी ट्रैफिक वाले मार्गों को प्राथमिकता पर रखा गया है और ठेकेदारों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।