बसोहली सड़क यातायात के लिए फिर बंद
भूस्खलन से बनी-बसोहली रोड फिर बंद
संवाद सूत्र, बनी : बनी-बसोहली सड़क शुक्रवार की रात से फिर बंद हो गया, जिससे पहाड़ी क्षेत्र बनी का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। मडोल के पास सड़क पर भूस्खलन होने से शनिवार को सुबह से शाम तक यातायात पूरी तरह बंद रहा। जम्मू कठुआ से आने वाला कोई भी वाहन बनी नहीं पहुंच सका। सब्जी की गाड़ियां जो पठानकोट से बनी के लिए जा रही थी, वह शुक्रवार की रात से ही खड़ी रही।
जानकारी के अनुसार बनी से 15 किलोमीटर पीछे भारी भूस्खलन के चलते मार्ग को साफ करने में समस्या आ रही है। इस स्थान पर भारी मात्रा में भूस्खलन हो रहा है, जिसके कारण ग्रेप विभाग की मशीनरी को मार्ग साफ करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। तहसीलदार बनी रमेश चंद्र का कहना है कि वह सुबह से ही ग्रेफ विभाग के संपर्क में है, उनको मार्ग साफ करने के निर्देश भी जारी किए हुए हैं। सुबह से ही मशीनें लगी हैं, लेकिन भूस्खलन के चलते इन कर्मचारियों को भी काम करने में समस्या आ रही है। खबर लिखे जाने तक मार्ग बंद था। सुबह से कोई भी वाहन नहीं निकल पाया। स्थानीय मंसाराम, चंद्रमोहन, अक्षय कुमार, लकी, अंकुश कुमार आदि ने मांग की है कि इस स्थान पर भूस्खलन रोकने के लिए कोई स्थाई हल ढूंढा जाएं।