लेखा सहायकों के पदों में आइबी के निवासियों को मिलेगा आरक्षण
ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग के लेखा सहायकों के पदों के लिए जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसने वाले युवाओं को आरक्षण मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग के लेखा सहायकों के पदों के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर बसने वाले युवाओं को आरक्षण मिलेगा।
सेवा भर्ती बोर्ड ने वीरवार को इस संबंध में विज्ञापन में गलती सुधारते हुए स्पष्ट किया कि भूलवश कई जगहों पर सिर्फ वास्तविक नियंत्रण रेखा ही लिख दिया गया था। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन में सभी जगह पर वास्तविक नियंत्रण रेखा के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा वर्ग भी लिखा जाना था। भूल सुधार कर नए सिरे से विज्ञापन जारी किया गया है।
विज्ञापन में आइबी वर्ग का जिक्र न होने से अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बसने वाले युवाओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। ऐसे हालात में प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस मसले पर उपराज्यपाल व मुख्यसचिव से बात की थी। इसके बाद उन्होंने विश्वास दिलाया कि उपराज्यपाल प्रशासन स्थिति स्पष्ट करेगा। डॉ. जितेंद्र सिंह के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सेवा भर्ती बोर्ड ने गलती सुधार ली है।