हर जम्मूवासी के लिए गर्व का पल, 'क्लीन हिमालयन सिटी' कैटेगरी में देशभर में दूसरा स्थान; इन कामों ने दिलाया सम्मान
स्वच्छ सर्वेक्षण की क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में जम्मू शहर ने देश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है। राष्ट्रपति ...और पढ़ें

राष्ट्रपति ने दिल्ली में जम्मू नगर निगम अधिकारियों को किया सम्मानित।
HighLights
जम्मू ने क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में दूसरा स्थान पाया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिल्ली में अधिकारियों को सम्मानित किया।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रह और वैज्ञानिक निस्तारण प्रमुख आधार।
जागरण संवाददाता, जम्मू। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत पहली बार शुरू की गई क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में जम्मू शहर ने देश भर में दूसरा स्थान हासिल कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर के पहले पायदान पर रहने के बाद जम्मू ने सभी प्रमुख पर्वतीय व हिमालयी नगरों को पीछे छोड़ते हुए यह राष्ट्रीय मुकाम हासिल किया।
जम्मू नगर निगम के संगठित प्रयासों, स्वच्छता कर्मियों की दिन-रात की मेहनत और नागरिकों के सहयोग से शहर को राष्ट्रीय मंच पर यह नई पहचान मिली है।
राष्ट्रपति ने दिया पुरस्कार
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भव्य राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शीर्ष विजेता शहरों के प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र सौंपे। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री, राज्य मंत्री, मंत्रालय के वरिष्ठ सचिव और देशभर के राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के शीर्ष अधिकारी, नगर आयुक्त तथा महापौर मौजूद रहे।
जम्मू नगर निगम की आयुक्त आयुषी सूदन ने ज्वाइंट कमिश्नर हेल्थ एंड सेनिटेशन अब्दुल स्तार तथा हेल्थ आफिसर डा. शाहिद हुसैन के साथ इस सम्मान को हासिल किया। सूदन ने इसे जम्मू नगर निगम की उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए और बेहतर प्रयास किए जाएंगे।
सफलता के मुख्य आधार
जम्मू शहर का यह मुकाम कई रणनीतिक और जमीनी स्तर के सुधारों का नतीजा है। नगर निगम ने शहर के 75 वार्डों में जीपीएस-सक्षम वाहनों के जरिए डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को शत-प्रतिशत लागू किया।
पुराने डंपिंग स्थलों पर पड़े वर्षों पुराने कचरे का बायो-रेमेडिएशन तकनीक से वैज्ञानिक निस्तारण, कंपोस्टिंग यूनिट्स और मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी केंद्रों के जरिए सूखे व गीले कचरे की प्रोसेसिंग क्षमता को तेजी से बढ़ाया गया।
इसके साथ ही तवी नदी के तटीय इलाकों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्रमुख व्यावसायिक बाजारों और धार्मिक स्थलों की नियमित रात्रि कालीन सफाई व्यवस्था ने शहर के स्वच्छता सूचकांक को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पर पहुंचाया। नागरिकों द्वारा स्वच्छता ऐप पर दर्ज शिकायतों का तय समय सीमा में समाधान और सर्वेक्षण के दौरान दिया गया सकारात्मक फीडबैक भी जम्मू के पक्ष में निर्णायक साबित हुआ।
हिमालयी श्रेणी के मायने
पर्वतीय और हिमालयी क्षेत्रों की भौगोलिक बनावट, संकरी और घुमावदार गलियां, भूस्खलन का खतरा, नाजुक पारिस्थितिकी और पर्यटन का मौसमी दबाव मैदानी शहरों से बिल्कुल भिन्न होता है। अब तक राष्ट्रीय स्तर पर सभी शहरों का मूल्यांकन एक ही तराजू में होता था, जिससे पर्वतीय शहरों की वास्तविक चुनौतियां दब जाती थीं।
केंद्र सरकार ने पहली बार यह विशेष श्रेणी बनाकर हिमालयी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समान धरातल पर प्रतिस्पर्धा कराई। जम्मू शहर के स्तर पर देखें तो माता वैष्णो देवी यात्रा और अमरनाथ यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के नाते यहां फ्लोटिंग आबादी का दबाव रहता है।
इस श्रेणी में दूसरा स्थान पाना इस बात का प्रमाण है कि जम्मू ने भारी दबाव के बीच भी कचरा प्रबंधन के आधुनिक मानकों को सफलतापूर्वक लागू किया है।
नंबर-1 बनने की डगर
राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने के बाद जम्मू के सामने अब शीर्ष पायदान पर पहुंचने और वर्तमान मानकों को बरकरार रखने की दोहरी चुनौती है। भविष्य में शहर को शत-प्रतिशत सोर्स सेग्रीगेशन यानी घरों और दुकानों से ही कचरे को गीले, सूखे और खतरनाक श्रेणी में अलग-अलग लेने की आदत को जनांदोलन बनाना होगा।
संकरी व ऊंचाई वाले वार्डों में छोटे इलेक्ट्रिक आटो टिप्पर और आधुनिक मशीनों की संख्या बढ़ानी होगी ताकि हर तंग गली तक समय पर उठाव हो सके। सिंगल-यूज प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने के साथ-साथ तवी नदी में गिरने वाले गंदे नालों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के जरिए पूर्ण शोधन सुनिश्चित करना होगा।
यदि नगर निगम वैज्ञानिक कचरा प्रसंस्करण को 100 प्रतिशत तक ले जाता है और नागरिक अपनी आदतों में सफाई को प्राथमिकता देते हैं तो जम्मू अगले सर्वेक्षण में देश का नंबर-1 स्वच्छ हिमालयी शहर बन सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।