विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रणजी ट्रॉफी: कभी पुडुचेरी का पलड़ा भारी तो कभी जम्मू-कश्मीर की वापसी, पहले दिन रोमांचक हुआ मुकाबला

Published: Mon, 02 Nov 2026 07:07 PM (IST)

Jammu Kashmir Vs Pondicherry: रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के पहले दिन पुडुचेरी ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 6 विकेट पर ...और पढ़ें

रणजी मुकाबले में पहले दिन बराबरी की टक्कर।  (फोटो- जागरण/साहिल मीर)

रणजी मुकाबले में पहले दिन बराबरी की टक्कर। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)

HighLights

  1. पुडुचेरी ने पहले दिन 6 विकेट पर 261 रन बनाए।

  2. मोहित काले ने 73 और नयन कांगायन ने 70 रन बनाए।

  3. सुनील कुमार ने जम्मू-कश्मीर के लिए 3 विकेट लिए।

जागरण संवाददाता, जम्मू। मोहित काले और सलामी बल्लेबाज कप्तान नयन श्याम कांगायन के जुझारू अर्धशतकों की बदौलत पुडुचेरी ने खुद को मजबूत स्थिति में खड़ा किया, लेकिन पहले दिन के खेल के आखिरी सत्र में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने जोरदार पलटवार किया। इसके चलते रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए का यह मुकाबला पहले दिन के खेल की समाप्ति पर पूरी तरह बराबरी पर आ गया है।

श्रीनगर के शेर ए कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में पहले दिन का खेल खत्म होने तक पुडुचेरी ने 77 ओवरों में 6 विकेट खोकर 261 रन बना लिए, जबकि पहले दिन कम रोशनी की वजह से पहले दिन का खेल निर्धारित 90 ओवर की बजाय 77 ओवरों तक ही सिमटकर रह गया।

पारस डोगरा ने टास जीतकर चुनी गेंदबाजी

मेजबान जम्मू-कश्मीर की टीम के कप्तान पारस डोगरा ने सुबह टास जीता और पिच पर मौजूद नमी का फायदा उठाने के लिए पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जम्मू-कश्मीर का यह फैसला शुरुआत में सही साबित होता दिखा जब मध्यम गति के तेज गेंदबाज सुनील कुमार ने पुडुचेरी के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया।

कुमार ने शानदार शुरुआत कर चुके 39 रन पर बल्लेबाजी कर रहे सलामी बल्लेबाज रितेश गुज्जे को पवेलियन भेजा और इसके तुरंत बाद निखिल गंगटा को महज 1 रन पर आउट कर मेहमान टीम का स्कोर 81 रन पर 2 कर दिया।

शुरुआती झटकों के बाद नयन और मोहित ने संभाली पारी

पाेंडिचेरी की टीम ने शुरुआती झटकों से बेअसर, सलामी बल्लेबाज कप्तान नयन श्याम कांगायन ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा। नयन ने 126 गेंदों में 70 रनों की बेहद संयमित पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्हें मध्यक्रम में मोहित काले का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने 10 चौकों की मदद से पुडुचेरी के लिए सबसे ज्यादा 123 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन बनाए।

इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए अंकित शर्मा ने भी पिच के आसान होने का पूरा फायदा उठाया और 87 गेंदों में 45 रनों का महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।

पुडुचेरी ने 6 विकेट के नुकसान पर 261 रन बना लिए

पहले दिन का खेल समाप्त होने तक पुडुचेरी की टीम ने 77 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 261 रन बना लिए हैं जबकि विकेटकीपर प्रसाद पावर एक रन और अमन खान नाबाद 9 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।

जब पुडुचेरी एक विशाल स्कोर की तरफ बढ़ती दिख रही थी तो तभी जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने दिन के अंतिम ओवरों में कड़ा संघर्ष दिखाया। सुनील कुमार ने अपने शानदार स्पेल को जारी रखते हुए दिन की समाप्ति 20 ओवरों में 59 रन देकर 3 विकेट के साथ की।

वहीं, वसीम खांडे और उमर नजीर मीर ने भी एक-एक विकेट हासिल करते हुए अंतिम सत्र में जमे हुए बल्लेबाजों को आउट कर रनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाया और जम्मू-कश्मीर की मैच में शानदार वापसी कराई। दोनों टीमों के बीच जारी मुकाबले में रविकांत रेड्डी और विनीत कुलकर्णी अम्पायर व वसंथ सरवानन मैच रेफरी हैं।

पहली जीत के लिए आमने-सामने जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी

दोनों टीमों को अभी तक खेले गए अपने तीनों मुकाबलों में जीत हासिल नहीं हुई और दोनों टीमों की नजर जीत की तलाश में है। अभी तक खेले गए मुकाबलों में जम्मू-कश्मीर का 26 अक्टूबर को बड़ौदा के विरुद्ध खेला गया मुकाबला ड्रा रहा था। हालांकि पहली पारी में बढ़त हासिल करने के कारण बड़ौदा की टीम तीन अंक जुटाने में सफल रही।

इससे पहले 18 अक्टूबर को विदर्भ ने जम्मू-कश्मीर को तीन विकेट से हराया था जबकि 11 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के खिलाफ मुकाबला ड्रा रहा था। इस मैच में पहली पारी की बढ़त के आधार पर मध्य प्रदेश को अंक मिले थे।

दूसरी ओर पुडुचेरी की टीम भी पिछले मुकाबलों में जीत दर्ज नहीं कर पाई है। 26 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के विरुद्ध उसका मुकाबला ड्रा रहा, जिसमें पहली पारी की बढ़त के आधार पर उत्तर प्रदेश को अंक मिले।

18 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के विरुद्ध भी मुकाबला ड्रा रहा और पहली पारी की बढ़त के कारण मध्य प्रदेश ने अंक हासिल किए। वहीं 11 अक्टूबर को विदर्भ ने पोंडिचेरी को 160 रनों से शिकस्त दी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।