लोगों की दिक्कतों को समझने में सरकार नाकाम : भल्ला
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमन भल्ला ने कहा कि भाजपा-पीडीपी ग
जागरण संवाददाता, जम्मू : पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमन भल्ला ने कहा कि भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार लोगों की समस्याओं को हल करना तो दूर समझने में भी नाकाम रही है। राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव और प्रशासनिक अनुभवहीनता के चलते ही जम्मू वासी परेशान हैं और सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
गांधीनगर में लोगों को संबोधित करते हुए भल्ला ने कहा कि राज्यभर में हालात बद से बदतर होने लगे हैं। विशेषकर जम्मू संभाग की हालत बुरी है। चुनावों के दौरान जो वादे किए गए थे, वे भाजपा नेता भूल गए हैं। जनता राह देख रही है कि कब उनके द्वारा चुने गए नेता मुहल्लों में पहुंच कर जनसमस्याओं का हल करेंगे। सरकार पंचायत राज व्यवस्था को भी कमजोर करने में जुटी हुई है। सरकार को पंचायती चुनाव करवाने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने होंगे। भाजपा-पीडीपी गठबंधन लोकतंत्र विरोधी गठबंधन के तौर पर याद रखा जाएगा। कांग्रेस ने हमेशा पंचायत राज का समर्थन किया।
सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। आगामी चुनावों में जम्मू की जनता उन्हें इसका सबक जरूर सिखाएगी। राशन कार्ड बनाने में घपले के आरोप लगाते हुए भल्ला ने कहा कि इसमें भाई-भतीजावाद हो रहा है। मिट्टी के तेल की आपूर्ति और राशन नहीं मिलने पर भी भल्ला ने सरकार को दोषी करार दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन लोगों की दिक्कतों के समाधान के लिए आगे आएगा और राहत प्रदान करेगा। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि आज पाकिस्तानी फायरिंग के कारण सीमा पर हालात नाजुक बन चुके हैं। सीमांत वासी अपना-बार छोड़ कर विस्थापित शिविरों व अपनों के यहां ठहरे हुए हैं। सरकार उन्हें सुविधाएं और राहत उपलब्ध करवाने में नाकाम साबित हुई है। भारतीय जनता पार्टी का कोई भी नेता विधानसभा में इन लोगों की समस्याओं को उजागर नहीं कर रहा। पाकिस्तान को जवाब देना तो दूर अपने लोगों की समस्याओं को भी समझने का प्रयास सरकार नहीं कर रही।