जम्मू-कश्मीर में विलय दिवस जोश के साथ मनाने की तैयारी, 26 को जम्मू आएंगे राम माधव
जम्मू कश्मीर के लिए इस बार 31 अक्टूबर ऐतिहासिक दिन होगा। 31 अक्टूबर से जम्मू कश्मीर एक राज्य न रहकर दो केंद्र शासित प्रदेशों में परिवर्तित हो जाएगा।
जम्मू, जागरण संवाददाता। अनुच्छेद 370 से मुक्त हुए जम्मू कश्मीर में इस बार विलय दिवस और भी जोश के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी विलय दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। 26 अक्टूबर को विलय दिवस मनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव विशेष रूप से जम्मू पहुंच रहे हैं।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी न्यास की ओर से 26 अक्टूबर को जम्मू क्लब में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें राम माधव मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा भाजपा हर जिले में विलय दिवस मनाएगी। बुधवार को संगठन महामंत्री अशोक कौल की अध्यक्षता में विलय दिवस समेत आने अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए बैठक हुई।
पंडित प्रेमनाथ डोगरा की जयंती पर डोगरा चौक में हवन किया जाएगा
पंडित प्रेमनाथ डोगरा की जयंती पर 24 अक्टूबर को डोगरा चौक जम्मू में सुबह हवन किया जाएगा। इसके बाद खेल क्षेत्र में राज्य व देश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा। विलय दिवस पर भाजपा हर जिले में कार्यक्रम का आयोजन करेगी। मुख्य कार्यक्रम जम्मू में होगा, जिसमें राम माधव मुख्य वक्ता होंगे।
रन फॉर यूनिटी का भी किया जाएगा आयोजन
31 अक्टूबर को लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा। इसमें भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा हर आयु वर्ग के लोग सतवारी से प्रेस क्लब तक दौड़ लगाएंगे।
रोशन होंगे शहर के सभी चौराहे
जम्मू कश्मीर के लिए इस बार 31 अक्टूबर ऐतिहासिक दिन होगा। 31 अक्टूबर से जम्मू कश्मीर एक राज्य न रहकर दो केंद्र शासित प्रदेशों में परिवर्तित हो जाएगा। पहली नवंबर से लद्दाख एक अलग केंद्र शासित प्रदेश होगा और जम्मू-कश्मीर अलग। ऐसे में इस दिन को यादगार बनाने के लिए भाजपा ने 31 अक्टूबर की शाम से सभी चौराहों व मुख्य इमारतों की जगनमाला करने का फैसला किया है। जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने की खुशी में पहली नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से शहर में स्कूटर-मोटरसाइकिल रैली का भी आयोजन किया जाएगा।