मोदी सरकार ने दंगा पीड़ित सिखों को दिलवाया इंसाफ : राम माधव
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने 1984 में दिल्ली में हुए सिख विरोधी दंगों के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने 1984 में दिल्ली में हुए सिख विरोधी दंगों के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस ने दंगा पीड़ितों के साथ इंसाफ नहीं किया। कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा के समर्थन में प्रचार के लिए पहुंचे राम माधव ने जम्मू शहर के डिगियाना में जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली दंगों से जुड़े सुबूत मिटाने का प्रयास किया गया। जब मोदी सरकार सत्ता में आई तो उसने सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को इंसाफ दिलाया और दोषियों को सलाखों के पीछे डाला।
कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र पर उन्होंने कहा कि इसमें अफस्पा को हटाने जैसे वायदे करके राष्ट्र की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। दावा किया कि जम्मू कश्मीर की तीन संसदीय सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी।
कांग्रेस का घोषणा पत्र राष्ट्र के लिए खतरा : खन्ना
पार्टी के जम्मू कश्मीर मामलों के प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को राष्ट्र के लिए खतरा करार दिया। उन्होंने कहा कि नेकां और पीडीपी से समर्थन लेकर कांग्रेस एक बार फिर से राज्य को अलगाववाद की तरफ धकेल रही है।
देशविरोधी एजेंडे को सफल नहीं होने देगी भाजपा : रैना
प्रदेश प्रधान रविंद्र रैना ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में अलगाववाद का समर्थन देखने को मिलता है। कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया है। घोषणा पत्र से कांग्रेस का पर्दाफाश हो गया है। लोगों को यह समझ लेना चाहिए कि देश के हित के बारे में कौन सोच रहा है। भाजपा कभी भी देशविरोधी एजेंडे को सफल नहीं होने देगी।