जम्मू में आज राजनाथ सिंह की हुंकार, भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा का करेंगे नेतृत्व; परेड मैदान में होगी जनसभा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को जम्मू में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। वे परेड मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें विपक्षी दलों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया जाएगा।

पंजतीर्थी रेडियो स्टेशन से सुबह दस बजे शुरू होगी पदयात्रा। (फाइल फोटो)
HighLights
राजनाथ सिंह जम्मू में भाजपा पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
पदयात्रा पंजतीर्थी से शुरू होकर परेड मैदान तक जाएगी।
वे परेड मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
जागरण संवाददाता, जम्मू। रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह शनिवार को जम्मू पहुंचकर भाजपा की प्रस्तावित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान वह परेड मैदान में आयोजित होने वाली जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राजनाथ सिंह शनिवार सुबह विशेष हेलीकाप्टर से जम्मू पहुंचेंगे और कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद महाराष्ट्र के पुणे के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां उनका दो दिवसीय दौरा निर्धारित है।
भाजपा की यह पदयात्रा सुबह दस बजे पंजतीर्थी स्थित रेडियो स्टेशन चौक से शुरू होगी और परेड मैदान स्थित ब्राह्मण सभा के निकट संपन्न होगी। यहां एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर कश्मीर से भी पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सत शर्मा जनसभा की अध्यक्षता करेंगे, जबकि राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विपक्ष के कथित भ्रामक प्रचार के खिलाफ जनता के बीच जाएगी भाजपा
इस अभियान के माध्यम से भाजपा विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी।
भाजपा का कहना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों और देश की एकता को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों तक अभियान पहुंचाने की तैयारी
बता दें कि भाजपा ने 22 अक्टूबर को देशव्यापी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान शुरू किया था। इसके तहत देशभर में जनसभाओं, पदयात्राओं, युवा सम्मेलनों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा के नेतृत्व में इस अभियान को सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाने की योजना है।
इसी कड़ी में जम्मू में आयोजित होने वाली यह पदयात्रा पार्टी के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल रहेगी।
भाजपा नेताओं ने की बैठक
राजनाथ सिंह के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक की अध्यक्षता भी की। सत शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र को चुनावों में पराजित विपक्ष की राजनीतिक हताशा का बंधक नहीं बनने दिया जा सकता।
भाजपा देश की लोकतांत्रिक नींव को कमजोर करने वाले प्रत्येक प्रयास का मजबूती से विरोध करेगी।
बैठक में भाजपा महासचिव संजिता डोगरा, बलदेव सिंह बिलावरिया और गोपाल महाजन, विधायक युद्धवीर सेठी, सुरिंदर भगत और मोहन लाल, सचिव अरुण शर्मा और पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रभात सिंह जम्वाल, जिला प्रभारी विनय महाजन और प्रद्युमन सिंह, जिला अध्यक्ष नंद किशोर, एडवोकेट राजेश गुप्ता, नरेश सिंह जसरोटिया और रिंकू चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।