Move to Jagran APP

अब 370, 35ए हटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा : राजनाथ

राज्य ब्यूरो जम्मू केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीतिक दलों की जम्मू कश्मीर में अलग वजीर-ए-आजम बनाने की मांग पर कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि अब राज्य में 370 व 35ए हटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

By JagranEdited By: Published: Tue, 09 Apr 2019 04:20 AM (IST)Updated: Tue, 09 Apr 2019 06:46 AM (IST)
अब 370, 35ए हटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा : राजनाथ

राज्य ब्यूरो, जम्मू : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीतिक दलों की जम्मू कश्मीर में अलग वजीर-ए-आजम बनाने की मांग पर कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि अब राज्य में 370 व 35ए हटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

loksabha election banner

राजनाथ भाजपा के उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा के समर्थन में जम्मू जिले के सीमावर्ती आरएसपुरा के सुचेतगढ़ में शाम को चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। कश्मीर में सदर-ए-रियासत व अलग वजीर-ए-आजम बनाने की मांग उठाने वाले नेशनल कांफ्रेंस के उप प्रधान उमर अब्दुल्ला का नाम लिए बिना राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस व देश के नेता बताएं कि आपका इस पर क्या नजरिया है। क्या आप भी चाहते हैं कि देश में दो प्रधानमंत्री हों।

राजनाथ सिंह ने कहा कि अलगाववादियों से बात करने की कोशिश की गई। इसके लिए मुख्यमंत्री से सहयोग मांगा गया, उनसे आग्रह भी किया, वे नहीं माने, नौ हजार से अधिक पत्थरबाजों को माफ किया, उसके बाद भी वे अगर दूसरा प्रधानमंत्री मांगते हैं तो हमारे पास विशेष दर्जे को समाप्त करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। जम्मू कश्मीर के नेता बताएं, उन्हें क्या चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर में या तो नेशनल कांफ्रेंस या कांग्रेस, पीडीपी के मुख्यमंत्री बने हैं, मेरा उनसे सवाल है कि यहां पर विकास क्यों नहीं हुआ।

अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) से सटे इलाके से पाकिस्तान व उसकी शह पर काम करने वाले आतंकवादियों व अलगाववादियों को कड़ा संदेश देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि पुलवामा में फिदायीन हमले में हमारे 40 जवान शहीद हुए, हमने पाकिस्तान की जमीन पर जाकर बदला लिया। गृह मंत्री ने दो टूक चेतावनी दी कि हथियार उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। अब देश मजबूत हाथों में हैं, अब देश के प्रधानमंत्री मोदी हैं। कश्मीर में अलगाववादियों के खिलाफ अभियान जारी रखने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि कश्मीर में दो राष्ट्र विरोधी संगठनों पर प्रतिबंध लगाया है। यह आगे भी जारी रहेगा। कश्मीर में बच्चों को गुमराह करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

गृहमंत्री ने कहा कि सीमांत लोग देश के लिए बहुत अहम हैं। उनकी मुश्किलों को हल करने की कोशिशें जारी हैं, यह आगे भी जारी रहेंगी। उन्होंने सीमांत वासियों की परेशानियों को दूर करने के लिए केंद्र सरकार व राज्यपाल शासन द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर गृहमंत्री के साथ जम्मू-पुंछ के भाजपा उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा भी मौजूद रहे। गृह मंत्री ने लोगों से जुगल किशोर शर्मा को कामयाब बनाने की अपील की।

गृह मंत्री सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे जम्मू के चुनावी दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले दोपहर को जम्मू संभाग के डोडा जिले के भद्रवाह में ऊधमपुर-डोडा के उम्मीदवार व प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया। वह शाम 5:20 बजे के करीब सीमा से करीब छह किलोमीटर की दूरी पर सुचेतगढ़ के बड़याल काजियां गांव पहुंचे।

राजनाथ सिंह ने जम्मू जिले में जम्मू-पुंछ के भाजपा उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा के समर्थन में पहले जम्मू जिले के सुचेतगढ़ व इसके बाद मढ़ में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.