370 हटने से कितना बदला जम्मू-कश्मीर? राजनाथ सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां, पर्यटन के आंक से लेकर आतंकवाद तक पर रखी बात
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अनुच्छेद 370 हटाने को जम्मू-कश्मीर के इतिहास का निर्णायक मोड़ बताया, जिससे क्षेत्र में विकास और समान अधिकारों की नई संभावनाएं खुली हैं।

राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के विकास को लेकर जताया बड़ा भरोसा। (फोटो- जागरण)
HighLights
अनुच्छेद 370 हटने से जम्मू-कश्मीर में विकास के नए द्वार खुले।
आतंकवाद में कमी आई, अलगाववादी ताकतें कमजोर हुईं।
पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
नवीन नवाज, जम्मू। अनुच्छेद 370 को हटाने के फैसले को जम्मू-कश्मीर के इतिहास का निर्णायक मोड़ बताते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि इस संवैधानिक बदलाव ने क्षेत्र में विकास, समान अधिकार और राष्ट्रीय एकीकरण की नई संभावनाएं खोली हैं। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर की धरती पर आतंकवाद को काफी हद तक समाप्त करने में सफलता मिली है और अलगाववादी ताकतें धीरे-धीरे कमजोर हो रही हैं। सिंह ने कहा कि अब दुनिया की कोई ताकत जम्मू-कश्मीर को भारत का विकसित क्षेत्र बनने से नहीं रोक सकती।
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने जम्मू-कश्मीर को भारत का मुकुट बताते हुए कहा कि इसका भारत के साथ एकीकरण केवल भौगोलिक सीमा का सवाल नहीं, बल्कि देश की आत्मा, अस्मिता, एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प था।
उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित प्रेमनाथ डोगरा के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि भाजपा लंबे समय से एक देश, एक संविधान और एक निशान की प्रतिबद्धता पर कायम रही है। पार्टी ने संसद में स्पष्ट बहुमत मिलने पर अनुच्छेद 370 हटाने का वादा किया था और अगस्त 2019 में इसे पूरा किया।
'370 के दौर में राष्ट्रपति तक को बताया गया था गैर-स्टेट सब्जेक्ट'
सिंह ने आरोप लगाया कि अनुच्छेद 370 के कारण जम्मू-कश्मीर के लोगों को देश के अन्य नागरिकों की तरह कई अधिकार नहीं मिल पाए और क्षेत्र आतंकवाद तथा अलगाववाद की समस्या से जूझता रहा। उन्होंने एक पूर्व जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक और पूर्व सीआरपीएफ महानिदेशक की पुस्तक ‘कश्मीर अंडर 370’ का हवाला देते हुए दावा किया कि एक समय भारत के राष्ट्रपति तक को भूमि पंजीकरण के मामले में गैर-स्टेट सब्जेक्ट बताया गया था। उन्होंने इसे पुरानी संवैधानिक व्यवस्था की विसंगतियों का उदाहरण बताया।
'अतीत को पीछे छोड़कर भविष्य की ओर देखे जम्मू-कश्मीर'
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को अब अतीत की परेशानियों में उलझने के बजाय भविष्य की ओर देखना चाहिए। उन्होंने कश्मीरी कहावत ‘पतिम मशराव, ब्रोन कुन नजर थाव’ का अर्थ समझाते हुए लोगों से अतीत को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की अपील की।
एम्स और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जम्मू को मिली बड़ी राहत
विकास के मुद्दे पर सिंह ने एम्स और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब जम्मू के लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए हर बार दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। पर्यटन के आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2017 से 2020 के दौरान 4.76 करोड़ पर्यटक आए, जबकि 2023 से 2025 के बीच यह संख्या बढ़कर 7.85 करोड़ हो गई। उनके अनुसार पर्यटन से स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों और परिवहन क्षेत्र को लाभ मिल रहा है।
सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में शीर्ष चार देशों में पहुंचा है और जल्द ही शीर्ष तीन में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया के माध्यम से युवाओं को अवसर दिए गए हैं। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और लखपति दीदी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि सरकार ने किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए हैं।
राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में और तेजी से आगे बढ़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।