Jammu Weather: गर्मी में ठंड का अहसास, कभी बादल तो कभी बारिश; जानिए कैसा रहेगा आज का तापमान
जम्मू में तापमान सामान्य से नीचे है और बादल छाए हुए हैं। कुछ जगहों पर झमाझम बारिश हो रही है। पिछले दिनों जम्मू का तापमान जो कि 42.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था वो बारिश के बाद अब 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया।
जम्मू, जागरण संवाददाता। सबसे गर्म रहने वाले महीने में भी इस साल बरसात का अनुभव हो रहा है। तापमान सामान्य से नीचे है और बादल छाए हुए हैं। सुबह नौ बजे के करीब झमाझम बारिश शुरू हो गई है। मंगलवार से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। बारिश के चलते तापमान सामान्य से करीब दस डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है।
इस साल अभी तक केवल तीन दिन ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा है। अमूमन मई महीने में इन दिनों लू का प्रकोप इस कदर बढ़ जाता है कि घरों से निकलना मुश्किल होता है लेकिन इस साल अभी तक लोग मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।
बीच में तीन चार दिन एसी कूलर की जरूरत महसूस हुई लेकिन अब पिर से पंखे के सहारे ही राहत भरा मौसम हो रहा है। बुधवार को रात में भी कई जगहों पर हल्की बारिश हुई। इस दिन बारिश के बाद जम्मू के तापमान में करीब दस डिग्री सेल्सियस गिरावट आई। कश्मीर में भी तापमान सामान्य से नीच चल रहा है। पिछले दिनों जम्मू का तापमान जो कि 42.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था, वो बारिश के बाद अब 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया।
बारिश से पहले आंधी ने मचाई अफरा-तफरी
बारिश से पहले आंधी-तूफान भी देखा गया। जिसकी वजह से कई जगहों पर पेड़ और खंबे गिर गए। हालांकि, मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में हल्का जलभराव भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार तक मौसम का मिजाज कुछ यूं ही बना रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
पिछले 24 घंटों में श्रीनगर में 6.9, काजीगुंड में 8.2 एमएम, पहलगाम में सबसे ज्यादा 22.5 एमएम, कुपवाड़ा में 10.6, कोकरनाग में 10.5, गुलमर्ग में 21 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, जम्मू में 8.1, बनिहाल में 9.2, बटोत में 14.6 एमएम, कटड़ा में 4.8, भद्रवाह में 14.2 एमएम बारिश दर्ज की गई।
26 मई तक छाए रहेंगे बादल
श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी अनुसार, 26 मई तक जम्मू कश्मीर के अधिकांश जगहों पर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकांश जगहों पर दोपहर बाद से बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 25-26 को कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश, गरज के साथ तेज हवा की संभावना है। 27 से 29 कई तक आंशिक से सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे।