विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में लोको पायलटों की भारी कमी, 323 में से 258 पद खाली; दूसरे डिवीजन के भरोसे चल रही ट्रेनें

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:00 AM (IST)

जम्मू रेल डिवीजन में लोको पायलटों की भारी कमी है, जहां 323 स्वीकृत पदों में से 258 खाली पड़े हैं, जिससे परिचालन फिरोजपुर डिवीजन के कर्मचारियों के सहारे चल रहा है। 

जम्मू रेल डिवीजन में स्टाफ का भारी टोटा। (File Photo)

जम्मू रेल डिवीजन में स्टाफ का भारी टोटा। (File Photo)

दिनेश महाजन, जम्मू। जम्मू रेल डिवीजन में रोजाना करीब 50 से 60 रेलगाड़ियों का आवागमन होता है। इन ट्रेनों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों पर होती है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े रेल परिचालन को संभालने के लिए जम्मू डिवीजन में स्वीकृत 323 पदों के मुकाबले महज 65 कर्मचारी ही उपलब्ध हैं। यानी कुल 258 पद खाली पड़े हैं।

कर्मचारियों की इस भारी कमी के चलते जम्मू रेल डिवीजन का परिचालन फिलहाल फिरोजपुर डिवीजन के कर्मचारियों के सहारे चल रहा है। ऐसे में स्वीकृत पदों के मुकाबले करीब 80 प्रतिशत पद खाली हैं।

जम्मू से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए लंबी दूरी की रेलगाड़ियां चलती हैं। इसके अलावा वंदे भारत सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का भी संचालन होता है। इतनी कम संख्या में कर्मचारियों के साथ परिचालन व्यवस्था बनाए रखना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती है।

बाहरी डिवीजन के कर्मचारियों के भरोसे चल रहीं ट्रेनें

स्टाफ की कमी को देखते हुए रेल मुख्यालय फिरोजपुर डिवीजन से लोको पायलट और सहायक लोको पायलट उपलब्ध करवा रहा है। दूसरे डिवीजन से आने वाले कर्मचारी जम्मू में रेलगाड़ियों का संचालन संभाल रहे हैं।

इस व्यवस्था के जरिए फिलहाल ट्रेनों का परिचालन जारी है, लेकिन लंबे समय तक दूसरे डिवीजन पर निर्भर रहना जम्मू रेल डिवीजन के लिए चुनौती बना रह सकता है।

भर्ती और तबादलों से कमी दूर करने की कोशिश

जम्मू रेल डिवीजन के डिवीजनल रेलवे मैनेजर विवेक कुमार ने बताया कि जम्मू रेल डिवीजन का गठन हुए अभी एक वर्ष से कुछ अधिक समय हुआ है। नए डिवीजन में कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया जारी है। स्टाफ की कमी के संबंध में रेल मुख्यालय को अवगत करवाया गया है और वहां से पूरा सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि नए कर्मचारियों की भर्ती के अलावा दूसरे डिवीजन में कार्यरत ऐसे रेलकर्मियों से भी आवेदन मांगे गए हैं, जो जम्मू रेल डिवीजन में काम करने के इच्छुक हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और अन्य रिक्त पदों को भरकर कर्मचारियों की कमी दूर कर ली जाएगी।

एक जून 2025 को हुआ था जम्मू रेल डिवीजन का गठन

कश्मीर घाटी तक रेल सेवा पहुंचने और जम्मू क्षेत्र में बढ़ते रेल यातायात को देखते हुए रेलवे ने एक जून 2025 को फिरोजपुर डिवीजन से अलग जम्मू रेल डिवीजन का गठन किया था। नए डिवीजन के गठन से जम्मू क्षेत्र में रेल सेवाओं के प्रबंधन और परिचालन को बेहतर बनाने की उम्मीद जगी थी। लेकिन गठन के एक वर्ष से अधिक समय बाद भी लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों के महत्वपूर्ण पद खाली हैं।

लोको पायलटों पर बढ़ रहा ड्यूटी का दबाव

लोको पायलटों और सहायक लोको पायलटों की कमी का असर मौजूदा कर्मचारियों की ड्यूटी पर भी पड़ रहा है। सीमित स्टाफ के कारण उपलब्ध कर्मचारियों को अधिक परिचालन जिम्मेदारियां संभालनी पड़ रही हैं। दूसरे डिवीजन से कर्मचारियों को बुलाकर ट्रेनों का संचालन करवाना पड़ रहा है।

रेलवे में लोको पायलटों की ड्यूटी के घंटे, निर्धारित विश्राम और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का विशेष महत्व होता है। लगातार परिचालन की जिम्मेदारी के बीच पर्याप्त आराम मिलना भी जरूरी है। ऐसे में रिक्त पदों को जल्द भरना आवश्यक है, ताकि कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और रेलगाड़ियों का संचालन सुरक्षित बना रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।