जम्मू-कश्मीर में आधार मजबूत करने को अभियान चलाएगी कांग्रेस, वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी से मुलाकात की Jammu News
बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की गतिविधियों को तेज करने आधार मजबूत करने भाजपा की नाकामियों को उजागर करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर के पार्टी नेताओं से कहा है कि वे पार्टी का आधार मजबूत करें। राज्य के तीनों क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं को सुने, समाधान करवाने के लिए काम करे। मोदी सरकार और पूर्व पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार की नाकामियों को उजागर करें। भाजपा के खिलाफ अभियान चलाएं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान जीए मीर के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर राज्य के राजनीतिक और सुरक्षा परिदृश्य की जानकारी दी। संसदीय चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की राहुल गांधी के साथ यह पहली बैठक थी जिसमें राज्यसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी अम्बिका सोनी, संगठन प्रभारी केसी वेणूगोपाल, सह प्रभारी शकील अहमद, प्रदेश प्रधान जीए मीर, रमण भल्ला, विक्रमादित्य सिंह और फारूक अहमद मीर शामिल हुए। राहुल गांधी के साथ प्रदेश के नेताओं ने जम्मू कश्मीर में राजनीतिक गतिविधियों, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, पार्टी के हार के बाद उपजे हालात बारे विचार विमर्श किया।
बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की गतिविधियों को तेज करने, आधार मजबूत करने, भाजपा की नाकामियों को उजागर करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। करीब 55 मिनट तक चली बैठक में जम्मू कश्मीर के तीनों क्षेत्रों में कांग्रेस को मजबूत करने, लोगों के साथ संपर्क बढ़ाने, लोगों की समस्याओं को उजागर कर समाधान करवाने के प्रयास करने बारे भी विचार किया गया। बैठक में राहुल गांधी ने नेताओं से कहा कि जम्मू कश्मीर में पार्टी को अपना आधार मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, लोगों तक अपनी पहुंच बनाने के दिशा में काम करना चाहिए। केंद्र सरकार और भाजपा की नाकामियों को उजागर करके लोगाें के बीच रखा जाए।
लोगोें को यह भी बताया जाए कि पूर्व पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार ने लोगों के साथ किए हुए वायदों को पूरा नहीं किया। भाजपा के खिलाफ अभियान चलाया जाए जिसमें लोगों को मोदी सरकार और पूर्व पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के झूठे वायदों को बताया जाए। पार्टी अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेजी देगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी के प्रति पूरी निष्ठा जाहिर करते हुए पूरा समर्थन देने का कहा। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा न दें।