विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू की सफाई में सबसे बड़ी बाधा बने लोग, घरों से केवल 30% गीला-सूखा कचरा अलग; टॉप-10 के लिए निगम की तैयारी तेज

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:00 AM (IST)

जम्मू नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष-10 शहरों में शामिल होने के लिए घर-घर कचरा अलग करने का अभियान तेज किया है। यह पहल शहर को कचरा मुक्त बनाने, पर्यावरण सुधारने और राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार के लिए महत्वपूर्ण है।

जम्मू का स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष-10 में पहुंचने का लक्ष्य। (File Photo)

जम्मू का स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष-10 में पहुंचने का लक्ष्य। (File Photo)

HighLights

  1. जम्मू नगर निगम का शीर्ष-10 स्वच्छ शहरों में आने का लक्ष्य।

  2. घरों से गीला-सूखा कचरा अलग करने का जागरूकता अभियान।

  3. नागरिकों की भागीदारी न होने पर सख्त चालान की तैयारी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के शीर्ष-10 स्वच्छ शहरों की सूची में स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ जम्मू नगर निगम ने जमीनी स्तर पर अपनी कवायद तेज कर दी है। शहर को पूरी तरह कचरा मुक्त बनाने के लिए निगम की विशेष टीमें अब सीधे मुहल्लों और गलियों में दस्तक दे रही हैं।

इस विशेष जन-जागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को घर से ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने और निगम के वाहनों को सौंपने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

घर से ही गीला और सूखा कचरा अलग होने से शहर की व्यवस्था और पर्यावरण पर सीधा सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। जब सब्जी-फल के छिलके और बचा हुआ भोजन प्लास्टिक व अन्य सूखे कचरे से अलग रहेगा, तो उससे उच्च गुणवत्ता की जैविक खाद और बायो-सीएनजी बनाना आसान होगा, जिस पर कोट भलवाल में प्रस्तावित 200 टीपीडी क्षमता के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की सफलता टिकी है।

इससे गलियों और सड़कों के किनारे लगने वाले कचरे के खुले ढेर समाप्त होंगे, जिससे आवारा पशुओं की समस्या और बदबू से निजात मिलेगी। साथ ही, कचरे की रीसाइक्लिंग बढ़ने से प्लास्टिक कचरा नालों के जरिए तवी नदी में नहीं जाएगा और लैंडफिल साइटों पर दबाव कम होगा।

राष्ट्रीय रैंकिंग में टॉप-10 में आने से जम्मू को केंद्र सरकार की शहरी विकास योजनाओं के तहत अधिक बजट और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स में प्राथमिकता भी मिलेगी।

टॉप रैंकिंग के लिए घरों से 100 प्रतिशत कचरा अलग-अलग लेना जरूरी

जम्मू शहर में प्रतिदिन लगभग 374 से 380 मीट्रिक टन ठोस कचरा उत्पन्न होता है, लेकिन निगम के अनुसार वर्तमान में शहर की केवल लगभग 30 प्रतिशत आबादी ही घर से गीला और सूखा कचरा अलग करके दे रही है। सर्वेक्षण में शीर्ष अंक पाने के लिए इस दर को 100 प्रतिशत तक ले जाना अनिवार्य है।

कोट भलवाल स्थित मुख्य प्लांट में रोजाना करीब 100 से 160 मीट्रिक टन सूखा कचरा और लगभग 164 टन गीला कचरा प्रोसेस किया जा रहा है, फिर भी कचरे के आपस में मिल जाने के कारण रोजाना करीब 50 से 80 टन कचरा बिना प्रोसेस हुए रह जाता है।

इसके अतिरिक्त, निगम क्षेत्र में होटल, अस्पताल, मैरिज हाल और बड़ी सोसायटियों सहित कुल 163 बड़े कचरा उत्पादक चिह्नित हैं, जिनमें से अभी केवल लगभग 20 संस्थान ही नियमों का पूर्ण पालन कर रहे हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण का सफर

पिछले कुछ वर्षों में जम्मू शहर ने स्वच्छता रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है, जिससे निगम का उत्साह बढ़ा है। साल 2024 से पहले 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जम्मू 248वें स्थान पर था, जो कचरा संग्रहण और निस्तारण में पिछड़े प्रदर्शन को दर्शाता था।

इसके बाद स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में शहर ने 206 पायदान की ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए 42वां स्थान हासिल किया और जम्मू-कश्मीर का सबसे स्वच्छ शहर बना।

वहीं, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी के तहत राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर जम्मू ने अपनी स्थिति और मजबूत की, जिसके बाद अब निगम का पूरा ध्यान ओवरआल टाप-10 में जगह बनाने पर है।

सख्ती की तैयारी

ज्वाइंट कमिश्नर हेल्थ एंड सेनिटेशन अब्दुल स्तार का कहना है कि केवल कर्मचारियों की मेहनत से शहर टाप-10 में नहीं आ सकता, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा।

निगम की टीमें फिलहाल लोगों को समझाने और जोड़ने का काम कर रही हैं, लेकिन जागरूकता अभियान के इस चरण के पूरा होने के बाद कचरा अलग न करने वालों और सड़क पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।