Move to Jagran APP

Lakhanpur Toll Plaza: लखनपुर टोल प्लाजा खोलने का विरोध, विभिन्न राजनीतिक दलों का धरना-प्रदर्शन, गिरफ्तारियां भी दी

विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल की तैनाती कर दी है।

By Rahul SharmaEdited By: Published: Tue, 21 Jul 2020 12:53 PM (IST)Updated: Tue, 21 Jul 2020 01:59 PM (IST)
Lakhanpur Toll Plaza: लखनपुर टोल प्लाजा खोलने का विरोध, विभिन्न राजनीतिक दलों का धरना-प्रदर्शन, गिरफ्तारियां भी दी
Lakhanpur Toll Plaza: लखनपुर टोल प्लाजा खोलने का विरोध, विभिन्न राजनीतिक दलों का धरना-प्रदर्शन, गिरफ्तारियां भी दी

कठुआ, जेएनएन। लखनपुर में नेशनल हाइवे अथॉरिटी का टोल प्लाजा खोलने के बाद आज मंगलवार को पहले दिन ही बड़े पैमाने पर विरोध शुरू हो गया है। लखनपुर में एकत्र हुए कांग्रेस, पैंथर्स पार्टी और यूथ फेडरेशन के कार्यकर्ता टोल प्लाजा खुलने के विरोध में धरने पर बैठ गए। वहीं लोगों में बढ़ते गुस्से और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का विरोध देखते हुए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल की तैनाती कर दी। पहले तो कुछ घंटों तक प्रदर्शन का यह सिलसिला शांतिपूर्वक ढंग से चला परंतु प्रशासन की चुप्पी पर भड़के कार्यकर्ताओं ने जब टोल प्लाजा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया तो वहां तैनात जवानों को बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां भी दी।

loksabha election banner

नेशनल हाइवे अथॉरिटी आफ इंडिया के अधिकारियों ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद लखनपुर टोल प्लाजा की शुरूआत की। टोल प्लाजा में तैनात कर्मियों ने जम्मू-कश्मीर से पंजाब की ओर जाने वाले व पंजाब से जम्मू-कश्मीर आने वाले वाहनों के टोल काटना शुरू किए। सुबह ग्यारह बजे के करीब कांग्रेस, पैंथर्स पार्टी और यूथ फेडरेशन के कार्यकर्ता धीरे-धीरे वहां एकत्र होना शुरू हो गए। पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता, पूर्व विधायक गिरधारी लाल चलोत्रा, वरिष्ठ नेता पंकज डोगरा, महिला कांग्रेस नेता खुशबू भगत, पैंथर्स पार्टी के रॉबिन शर्मा और यूथ फेडरेशन लखनपुर के सन्नी शर्मा की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर धरने पर बैठ गए।

केंद्र सरकार व जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेताओं के खिलाफ नारे लगाते हुए इन कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि यह टोल प्लाजा जल्द ही बंद नहीं हुआ तो उनका आंदोलन उग्र हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लखनपुर-जम्मू हाइवे पर जगह-जगह टोल प्लाजा खोलकर लोगों पर टैक्स का बोझ थोपा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि एक तरफ पूरा देश कोरेाना जैसी महामारी से जूझ रहा है, आर्थिक बोझ बढ़ने से लोग पहले से ही परेशान हैं, ऐसे में राहत देने के बजाय सरकार अपने खजाने को भरने की सोच रही है। उन्होंने कहा कि लखनपुर टोल प्लाजा शुरू होने से सबसे ज्यादा नुकसान प्रतिदिन जम्मू-कश्मीर से पंजाब में स्वास्थ्य सेवाएं लेने वाले लोगों के लिए परेशानी बनेगी। यही नहीं अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों, यात्रियों पर भी बोझ बढ़ेगा। 

करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान भी जब कोई प्रशासनिक हलचल नहीं हुई तो गुस्साए राजनीतिक दलोें के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा को नुकसान पहुंचाने के लिए आगे बढ़ने का प्रयास किया। वहां पहले से मौजूद सुरक्षाबलों ने उनके इस प्रयास को विफल बनाते हुए बल प्रयोग कर उन्हें पीछे खदेड़ दिया। इस दौरान काफी देर तक धक्का-मुक्की भी हुई जिसमें कुछ कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें भी आई। इस पर भी जब प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो राजनीतिक दलों के मुख्य नेताओं समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उन्हें बसों में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया। फिलहाल लखनपुर टोल प्लाजा पर माहौल शांतिपूर्ण है। वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.