स्मार्ट सिटी बनाने के लिए प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू वेस्ट असेम्बली मूवमेंट ने जम्मू शहर को स्मार्ट सिटी बनाने और यहा
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू वेस्ट असेम्बली मूवमेंट ने जम्मू शहर को स्मार्ट सिटी बनाने और यहां एम्स खोलने की मांग को लेकर सरकार विरोधी प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ अन्य मांगों को भी उजागर किया।
मंगलवार को मूवमेंट के प्रधान सुनील डिम्पल की देखरेख में कार्यकर्ताओं ने अम्बफला-जानीपुर मार्ग पर प्रदर्शन किया। जम्मू नगर निगम द्वारा जम्मू पश्चिम विधानसभा के क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था न देने, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं करवाने पर रोष जताते हुए प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह से अपील की कि वे निगम को तीन स्काई लिफ्ट दें ताकि शहर में स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि अम्बफला, न्यू प्लाट, जानीपुर, बनतालाब, रूपनगर, सरवाल, रिहाड़ी, तालाब तिल्लो में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। इन्हें ठीक करवाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जम्मू पश्चिम के विधायक तो बहुत शरीफ और मासूम हैं, कभी विधानसभा में बोले तक नहीं। शायद उन्हें शर्म आती है। उन्होंने कहा कि जम्मू को स्मार्ट सिटी बनाने का काम भी बड़ी धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री से अपील की कि वह मामले में हस्तक्षेप करें। सचिवालय से नगर निगम के लिए कम से कम तीन स्काई लिफ्ट तो मंजूर करवाएं। चूंकि गणतंत्र दिवस सिर पर है। ऐसे में आतंकवादियों के हमलों का खतरा भी रहता है। गलियों में फैला अंधेरा पसरा हुआ है। इस दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जम्मू के विधायक भी चुप हैं। जम्मू में एम्स खोलने का मुद्दा उठाकर मांग तक नहीं कर रहे। उन्होंने जम्मू पश्चिम को जिले का दर्जा देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जम्मू पश्चिम सबसे गंदा विधानसभा क्षेत्र बन चुका है। टूटी सड़कें, गलियों, नालियां इसकी पहचान बनती जा रही हैं। कोई गंभीरता नहीं दिखाने से लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। ईरा द्वारा डाली गई सीवरेज के मैनहोल चोक होने लगे हैं। निकासी रुकने से गंदगी गलियों में फैल रही हैं। प्रदर्शनकारियों में हरबंस टंडन, विजय खजूरिया, राम कपूर, रमेश चंद्र कोहली, डॉ. ओएन पंडिता, चमन पवार, कुलवंत शर्मा, भारत भूषण, सुनील गंडोत्रा शामिल थे।