पुरमंडल से डिग्री कॉलेज शिफ्ट करने के विरोध में प्रदर्शन
पुरमंडल के लिए स्वीकृत डिग्री कॉलेज को दूसरी जगह शिफ्ट करने के विरोध में इलाके के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, विजयपुर : पुरमंडल में शुक्रवार को लोगों ने डिग्री कॉलेज को मंडल में शिफ्ट करने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि सरकार ने डिग्री कॉलेज पुरमंडल में बनाने की घोषणा की थी, इसके बावजूद डिग्री कॉलेज को मंडल में बनाने की कोशिश की जा रही हैं। पुरमंडल क्षेत्र के लोगों ने कहा कि हमारे क्षेत्र के हिस्से में आए कॉलेज यहां ही बनाया जाए। अगर यह कॉलेज मंडल में शिफ्ट किया गया तो यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। लोगों ने बताया कि इस मसले की बात उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू और जिला उपयुक्त को बता दिया गया है। इस मौके पर गोविन्द राम शर्मा, सरपंच जोगिन्द्र शर्मा, बलदेव राज, पूर्व चेयरमैन चतर सिंह, शारदा देवी, पंच नीलम कुमारी सहित के अन्य लोगों ने कहा कि जब पुरमंडल में कॉलेज खोलने की घोषणा की गई, तब उन्होंने खुशी महसूस की थी, लेकिन जब आज कॉलेज बनाने का काम शुरू होने वाला है तो उसे मंडल में शिफ्ट किया जा रहा है। इससे काफी रोष है। उन्होंने कहा कि कॉलेज को शिफ्ट करने पर स्टे लगा है। अभी तक कोर्ट की तरफ से कोई फैसला नहीं आया है। इसका नोटिस डिग्री कॉलेज नोडल अधिकारी और पीडब्ल्यूडी अधिकारी को भी भेजा हुआ है। बावजूद इसके कॉलेज का काम शुरू करना कानून के खिलाफ है। इसके लिए डिग्री कॉलेज के नोडल अधिकारी व पीडब्ल्यूडी अधिकारी को लीगल नोटिस भी भेजा गया है। सरपंच जोगिन्द्र शर्मा ने कहा कि पहले ही कॉलेज पहुंचने के लिए कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ती थी, लेकिन अगर मंडल में यह कॉलेज बनेगा तो और परेशानियां झेलनी पड़ेगी। अंत में सभी ने कहा कि पुरमंडल के बगैर डिग्री कॉलेज कही और बनाया गया तो वह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर बड़ा आंदोलन करेंगे।