सरोर टोल प्लाजा के विरोध में मिनी बसों का चक्काजाम
टोल प्लाजा को हटाए जाने के विरोध जम्मू-कठुआ रोड़ पर चक्काजाम
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पटली मोड़ के पास टोल टैक्स प्लाजा खोलने के विरोध में सोमवार को जम्मू-कठुआ रूट की मिनी बसों का चक्काजाम रहा। जम्मू-कठुआ एरिया बस यूनियन तथा राया सुचानी मिनी बस यूनियन की तरफ से मिनी बसों के चक्काजाम से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बस यूनियन के प्रधान कुलदीप सिंह ने कहां कि जब तक सरकार टोल प्लाजा को नहीं हटाएगी तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। सोमवार को चक्काजाम रहने से छात्रों और दफ्तर जाने वाले लोग दिनभर दरबदर होकर रह गए। विभिन्न बस स्टापों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। कुछ लोग लिफ्ट लेकर किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचे, लेकिन अधिकतर लोगों को लौटना पड़ा। जम्मू कठुआ एरिया बस यूनियन सर्विस के पास करीब 300 बसें हैं, जो रोजाना इस रूट पर चलती हैं। करीब 40 हजार लोग इस रूट पर रोजाना आते जाते हैं। बस यूनियन के प्रधान कुलदीप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों चालकों ने जम्मू में वेयर हाउस स्थित इस रूट के बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया और राज्यपाल प्रशासन से मांग की कि टोल प्लाजा को हटाया जाए, अन्यथा उनकी हड़ताल अनिश्चितकालीन जारी रहेगी। हालांकि पंजाब और लंबे रूट की बसें सामान्य रूप से चलती रहीं, लेकिन इन बसों में काफी भीड़ रही। इतना ही नहीं राया सुचानी से जम्मू आने जाने वाली मिनी बसें भी सड़कों से गायब रहने से लोगों की दिक्कते और बढ़ गई। मिनी बस यूनियन पिछले तीन दिन से हड़ताल पर है। मिनी बस यूनियन ने भी राया मोड़ इलाके में प्रदर्शन कर टोल प्लाजा को हटाए जाने की मांग की। मिनी बस यूनियन ने भी अपनी हड़ताल जारी रखने का एलान किया है।
---------------------
लोगों से वसूला जा रहा जजिया, जनता का साथ दें भाजपा कार्यकर्ता
फोटो सहित
संवाद सहयोगी, विजयपुर: टोल प्लाजा को शुरू किए जाने को लेकर एनपीपी नेता राजेश पडगोत्रा का कहना है कि लखनपुर से बनिहाल तक जम्मू संभाग में पहले सिर्फ दो टोल प्लाजा थे, लेकिन अब लखनपुर, हीरानगर, पटली मोड़, नगरोटा, रिग रोड, चिनैनी और अखनूर तक सात टोल प्लाजा हो जाएंगे। पिछले कई वर्षो से जम्मू को मंदिरों का शहर कहा जाता था, लेकिन इतने सारे टोल प्लाजा लगने की वजह से अब लोग जम्मू शहर को टोल प्लाजाओं का शहर कहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी डोगरी जनता के साथ दोहरी नीति खेल रही है। पहले 2013 में टोल प्लाजा को बंद कर भाजपा ने वाहवाही लूटी अब टोल प्लाजा खोलने के बाद उसके नेता और कार्यकर्ता खामोश बैठे हुए हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के संघर्ष में साथ दें। ------------------------
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से टोल प्लाजा बंद करवाने की गुहार
पंचायत जख की महिला सरपंच शिल्पा दुबे ने कहा कि पटली मोड़ के पास टोल प्लाजा खोले जाने से ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हम उम्मीद करते हैं कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जो खत केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को लिखा है, उस पर जल्द फैसला हो। उधर, रामगढ़ युवा भाजपा प्रधान नैंसी चौधरी ने कहा कि जैसे 2013 में हमारे पूर्व मंत्री चंद्रप्रकाश गंगा ने जनता के साथ मिलकर टोल प्लाजा का विरोध किया था और उसको बंद करवाया था, उसी तरह से इस बार भी होना चाहिए। हम पार्टी अध्यक्ष रविदर रैना से उम्मीद करते हैं वे जनता के हित में फैसला करेंगे और इस टोल प्लाजा को जरूर बंद करवाएंगे। विजयपुर भाजपा के उपसचिव अंकुश जम्वाल ने कहा कि हमारे क्षेत्र में टोल प्लाजा लगाना बहुत ही निदनीय बात है। हम इसके सरासर खिलाफ हैं और केंद्रीय परिवहन मंत्री से उम्मीद करते हैं कि वह जम्मू की जनता के बारे में सोचेंगे और इस टोल प्लाजा को जल्द बंद करवाने का निर्देश देंगे।