Jammu Kashmir : प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा प्रदेश इकाई को दिया सियासी मंत्र, कहा-जमीन पर काम कर जम्मू कश्मीर में हों मजबूत
Assembly Poll In Jammu Kashmir विधानसभा सीटों के परिसीमन से उपजे हालात का मुद्दा भी चर्चा में आया। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विश्वास दिलाया कि जम्मू कश्मीर में जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए आतंकवाद का समूल नाश किया जाएगा।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : भाजपा हाईकमान ने प्रदेश भाजपा नेताओं को जम्मू कश्मीर में जमीनी सतह पर सशक्त होकर विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। हैदराबाद में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश इकाई को कार्य विस्तार योजना बनाकर गांव गांव, घर-घर पहुंचने के सियासी मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि नेता, कार्यकर्ता सत्ता का अभिमान न करते हुए प्रदेश में जमीनी सतह पर लोगों को मजबूत बनाएं। लोगों का विश्वास हासिल कर पार्टी को जमीन पर मजबूत करें। केंद्रीय योजनाओं ने लोगों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में हर नेता, कार्यकर्ता योगदान दे।
विधानसभा सीटों के परिसीमन से उपजे हालात का मुद्दा भी चर्चा में आया। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विश्वास दिलाया कि जम्मू कश्मीर में जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए आतंकवाद का समूल नाश किया जाएगा। प्रदेश में जारी अमरनाथ यात्रा को देश में प्यार, सौहार्द बढ़ाने के लिए अहम करार देते हुए देश भर से आ रहे लोगों को सहयोग देने के भी निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जम्मू कश्मीर भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, कविन्द्र गुप्ता, संगठन महामंत्री अशोक कौल, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव डा. नरेंद्र सिंह ने हिस्सा लिया। बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डा जितेंद्र सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान रविंद्र रैना ने जम्मू कश्मीर में भाजपा को मजबूत बनाने की दिशा में की जा रही कार्यवाही के बारे में भी जानकारी दी।
विधानसभा की परिसीमन के बाद प्रदेश के राजनीतिक हालात, विकास को तेजी देकर लोगों का विश्वास हासिल करे व उन्हें केंद्रीय योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में हो रही कार्यवाही पर भी चर्चा हुई। बैठक में हिस्सा लेने के साथ जम्मू कश्मीर भाजपा के इन नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अलग से भी भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्र के सहयोग से जम्मू कश्मीर में विकास को तेजी देने से आ रहे बदलाव के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य कई वरिष्ठ नेताओं के साथ भी भेंट की। प्रदेश भाजपा नेता राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेने के बाद आज सोमवार को जम्मू लौट आएंगे।