जम्मू-कश्मीर को वैश्विक सिनेमाई पहचान दिलाने की तैयारी, फिल्म पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा
जम्मू-कश्मीर को फिल्म निर्माण के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। गोवा में आयोजित 57वें इफ्फी में जम्मू-कश्मीर की फिल्म नीति और संभावनाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
-1795457254723_m.webp)
जम्मू-कश्मीर को वैश्विक सिनेमाई पहचान दिलाने की तैयारी।
HighLights
जम्मू-कश्मीर को फिल्म निर्माण केंद्र बनाने के प्रयास तेज।
इफ्फी गोवा में जम्मू-कश्मीर की फिल्म नीति प्रस्तुत की गई।
फिल्म पर्यटन और स्थानीय कलाकारों को मिलेगा प्रोत्साहन।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा के दम पर जम्मू-कश्मीर को फिल्म निर्माण के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में जम्मू-कश्मीर की फिल्म नीति, सरकारी प्रोत्साहनों और फिल्म निर्माण की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर), जम्मू-कश्मीर की ओर से महोत्सव में ‘जम्मू-कश्मीर : सिनेमा के उभरते गंतव्य के रूप में’ विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें विभाग की निदेशक ममता यादव, अभिनेता मीर सरवर तथा फिल्म निर्माता राहत काजमी और कपिल मट्टू ने भाग लिया।
इस अवसर पर ममता यादव ने जम्मू-कश्मीर फिल्म नीति की प्रमुख विशेषताओं और फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास फिल्म निर्माताओं के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सुगम बनाना, निवेश को प्रोत्साहित करना और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देना है।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की खूबसूरत वादियां, बर्फ से ढके पहाड़, झीलें, ऐतिहासिक इमारतें और विरासत स्थल फिल्मांकन के लिए व्यापक संभावनाएं प्रदान करते हैं।
ममता यादव ने स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और अन्य पेशेवरों को फिल्म निर्माण से जोड़कर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए सरकारी विभागों, फिल्म निर्माताओं और स्थानीय हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
वहीं, मीर सरवर, राहत काजमी और कपिल मट्टू ने जम्मू-कश्मीर में फिल्म निर्माण के अपने अनुभव साझा करते हुए स्थानीय प्रतिभाओं की सराहना की। उन्होंने फिल्म उद्योग और सरकार के बीच सहयोग बढ़ाने तथा बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स को आकर्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।