बिजली के फ्लैट रेट की व्यवस्था समाप्त करने की तैयारी, मार्च तक लग जाएंगे सात लाख स्मार्ट मीटर
फ्लैट रेेट की व्यवस्था समाप्त करने के लिए सबसे जरूरी है स्मार्ट मीटर। इसलिए सरकार ने विभाग को मार्च 2023 तक जम्मू कश्मीर में सात लाख स्मार्ट मीटर घरों में लगाने के निर्देश दिए हैं। खराब मीटरों को भी युद्ध स्तर पर ठीक करने को कहा गया है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : प्रदेश प्रशासन ने जम्मू कश्मीर में बिजली के फ्लैट रेट की व्यवस्था को समाप्त करने की तैयारी लगभग कर ली है। इस पर तेजी से काम करने के लिए विभागीय अधिकारियों को कह भी दिया गया है। फ्लैट रेेट की व्यवस्था समाप्त करने के लिए सबसे जरूरी है स्मार्ट मीटर। इसलिए सरकार ने विभाग को मार्च 2023 तक जम्मू कश्मीर में सात लाख स्मार्ट मीटर घरों में लगाने के निर्देश दिए हैं। खराब मीटरों को भी युद्ध स्तर पर ठीक करने को कहा गया है।
जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता ने जम्मू कश्मीर में मार्च 2023 तक सभी सात लाख स्मार्ट मीटर घरों में लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खराब सभी मीटर ठीक कर प्रदेश में लोगों से बिजली के फ्लैट रेट लेने की व्यवस्था को भी समाप्त करने पर जोर दिया है।
जम्मू सचिवालय में मंगलवार को हुई बैठक में मंगलवार को मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता ने प्रदेश में बिजली सप्लाई की व्यस्था बेहतर बनाने के लिए की जा रही पहल की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए किश्तवाड़-खिलेनी पावर लाइन प्रोजेक्ट को जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने किरू पनबिजली परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि सर्दी के महीनों में बिजली की बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाए। बैठक में बताया गया कि जम्मू व श्रीनगर शहरों में अब तक 1.15 लाख स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं। इसके साथ छह लाख स्मार्ट मीटर जल्द लगाने की तैयारी है। इस साल जून महीने में 64 हजार स्मार्ट मीटरों के आधार पर बिजली के बिल भेजे गए हैं।