Jammu Kashmir DDC Election Result of Congress : चुनाव में खराब प्रदर्शन पर कांग्रेस करेगी मंथन, जम्मू संभाग के चार जिलाें में खाता भी नहीं खुला
जम्मू कश्मीर में पहली बार हुए जिला विकास परिषद के चुनाव में कांग्रेस अपने खराब प्रदर्शन पर मंथन करेगी। जम्मू संभाग के जम्मू सांबा कठुआ और ऊधमपुर जिलों में कांग्रेस का खाता नहीं खुल पाया है। पार्टी के लिए यह बहुत ही बड़ा झटका है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: जम्मू कश्मीर में पहली बार हुए जिला विकास परिषद के चुनाव में कांग्रेस अपने खराब प्रदर्शन पर मंथन करेगी। जम्मू संभाग के जम्मू, सांबा, कठुआ और ऊधमपुर जिलों में कांग्रेस का खाता नहीं खुल पाया है। पार्टी के लिए यह बहुत ही बड़ा झटका है। पार्टी को जिला विकास परिषद की 280 सीटों में से मात्र 26 सीटें हासिल है। पार्टी का प्रदर्शन पीडीपी से भी खराब रहा है। पार्टी की ढुलमुल नीतियां ही उसकी हार का कारण बनी है। जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान जीए मीर के बेटे सहित कई दिग्गज उम्मीदवारों के चुनाव हारने के कारणों का पता लगाने के लिए पार्टी की जल्द ही बैठक होगी। पार्टी की जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी जम्मू आएंगी।
जिला विकास परिषद के चुनाव में कांग्रेस ने कोई रणनीति बना कर चुनाव नहीं लड़ा। कश्मीर के कुछ हिस्सों में पीपुल्स एलायंस फार गुपकार डिक्लेरेशन का हिस्सा बनना और जम्मू में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ना उसकी कमजोर नीतियों का ही परिणाम था। सच यह भी है कि पार्टी हाईकमान ने जम्मू कश्मीर में कांग्रेस को अपने हाल पर ही छोड़ दिया था। पार्टी का कोई राष्ट्रीय स्तर का नेता प्रचार के लिए नहीं आया। पार्टी की जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश प्रधान जीए मीर ने भी महज औपचारिकता ही निभाई। जम्मू संभाग के चार जिलों के लोगों ने ताे कांग्रेस का पूरी तरह से नकार दिया।
पार्टी के कुछ नेता तो अपने बलबूते पर जीते हैं।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि जिला विकास परिषद के चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर मंथन किया जाएगा। हम हर पहलू पर गौर करेंगे। भाजपा ने तो प्रचार के लिए अपने केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को लगा दिया था। प्रदेश प्रधान जीए मीर की अध्यक्षता में जल्द बैठक होगी जिसमें सभी वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।