विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरनाथ यात्रा मार्ग चौड़ीकरण पर सियासत तेज, महबूबा मुफ्ती ने दी उत्तराखंड जैसी त्रासदी की चेतावनी; BRO ने दी सफाई

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:16 AM (GMT+05:30)

दक्षिण कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सियासत गरमा गई है। पीडीपी और मीरवाइज उमर फारूक ने पर्यावरण और आस्था पर चिंता जताई है।

महबूबा मुफ्ती। फोटो जागरण

महबूबा मुफ्ती। फोटो जागरण

HighLights

  1. शेषनाग झील खुदाई वीडियो से अमरनाथ मार्ग पर विवाद।

  2. पीडीपी, मीरवाइज ने पर्यावरण, आस्था पर चिंता जताई।

  3. बीआरओ ने निर्माण को सुरक्षा मानकों के अनुरूप बताया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। दक्षिण कश्मीर स्थित श्री अमरनाथ धाम यात्रा मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर सियासत गरमा गई है। पीडीपी ने इस मुद्दे को पर्यावरण संरक्षण और हिंदू आस्था से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं, जबकि मीरवाइज उमर फारूक ने भी हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा पर चिंता जताई है।

दूसरी ओर, यात्रा मार्गों का जिम्मा संभाल रहे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने विवाद को अनावश्यक बताते हुए निर्माण कार्यों को पूरी तरह निर्धारित सुरक्षा एवं पर्यावरण मानकों के अनुरूप करार दिया है।

विवाद उस समय गहराया, जब समुद्र तल से करीब 3,590 मीटर की ऊंचाई पर स्थित शेषनाग झील के किनारे एक्सकेवेटर से खुदाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसके बाद भारी मशीनों के इस्तेमाल और कथित निर्माण गतिविधियों पर सवाल उठने लगे।

क्या बोलीं महबूबा मुफ्ती

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने हिमालयी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के प्रति आगाह करते हुए उत्तराखंड में अनियोजित निर्माण के दुष्परिणामों का हवाला दिया। पार्टी प्रवक्ता ता मोहित भान ने शेषनाग की प्राकृतिक विरासत को हिंदू आस्था से जोड़ते हुए इसके संरक्षण की मांग की।

मीरवाइज उमर फारूक ने भी बेहतर यात्रा सुविधाओं का समर्थन करते हुए कहा कि विकास के नाम पर पर्यावरण से समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण गतिविधियां रोकने की मांग की। माकपा नेता मोहम्मद युसुफ तारीगामी ने कहा कि शेषनाग झील पर जिस तरह से निर्माण कार्य हो रहा हैख् ज4ंगल और पहाड हटाए जा रहे हैं, वह एक बड़ी त्रासदी का कारण बनेगा।

बीआरओ ने किया स्पष्ट

वन एवं पर्यावरण मंत्री अल्ताफ अहमद वानी जो पहलगाम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और जिसके अंतर्गत शेषनाग झील का इलाका आता है, ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।

हालांकि, बीआरओ ने स्पष्ट किया कि अमरनाथ यात्रा के बाद मौजूदा ट्रैकों का चौड़ीकरण किया जा रहा है, कोई नया मार्ग या निर्माण क्षेत्र विकसित नहीं किया जा रहा। संगठन के अनुसार, खुदाई की सामग्री का सुरक्षित निस्तारण, प्राकृतिक जल निकासी का संरक्षण और कमजोर हिस्सों को स्थिर करने जैसे उपाय अपनाए जा रहे हैं। बीआरओ ने वायरल वीडियो से जुड़े नए निर्माण के दावों को भ्रामक बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवाजाही उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।