बिना वजह घर से बाहर घूम रहे लोगों को पुलिस ने दी सजा
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से पेश आई पुलिस
जागरण संवाददाता, जम्मू : कोरोना वायरस से निपटने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन को जम्मू पुलिस सख्ती से लागू करवा रही है। बिना ठोस कारण घरों से निकलने वाले लोगों को खूब सबक सिखा रही है। शहर के चौक चौराहों में बिना इजाजत घूम रहे लोगों को पकड़ कर उनसे उठक बैठक करवाई। कान पकड़ कर लोगों को यह पाठ पढ़ाया कि वे अपने घरों में हीं रहेंगे और लॉकडाउन को पूर्ण रूप से पालन करेंगे। पुलिस कर्मियों ने शहर को सील कर दिया था।
शहर के बिक्रम चौक में एसडीपीओ गांधी नगर ने नाका लगाया। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों को रोक कर पुलिस कर्मी उनके पहचान पत्रों की जांच कर रहे थे। जरूरी वस्तुओं की सप्लाई से जुड़े विभागों में तैनात कर्मचारियों को वहां से जाने दिया जा रहा था। बिना कारण सड़कों पर घूम रहे लोगों को पुलिस कर्मियों ने रोक लिया। चौक में एक तरफ पुलिस कर्मियों ने चूने के गोले बनाए हुए थे, जिनमें इन युवकों को खड़ा कर उठक बैठक करवाई गई। युवकों को यह कहने के लिए कहा जा रहा था कि वे समाज के दुश्मन है। करीब आधे घंटे तक युवकों को चौक को खड़ा करने के बाद वापिस उनके घरों में भेज दिया गया। जिन युवकों ने चेहरे में मास्क नहीं पहना था को पुलिस कर्मियों ने इस दौरान मास्क भी दिए। एसडीपीओ सब डिवीजन गांधीनगर राम सिंह चाढ़क ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले युवकों पर सख्ती करना जरूरी है। ऐसा कर वह ना सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की जिदंगी को भी खतरे में डाल रहे है। वहीं, डोगरा चौक, रिहाड़ी, सरवाल, अंबफला चौक व कुछ अन्य चौकों में भी पुलिस कर्मी दिन भर लोगों को रोक कर उन्हें अपने घरों में वापस जाने के लिए कह रहे थे। पेट्रोल पंप बंद होने का असर भी शहर की सड़कों में दिखा। शाम होते तक सड़कें सूनी हो गई थीं। केवल जरूरी वस्तुओं से जुड़े विभागों के वाहन की सड़क पर दौड़ रहे थे।