कश्मीर में रमजान महीने में सिर्फ इंडोर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल
उन्होंने अधिकारियों को रमजान के पवित्र महीने के लिए मुबारकबाद देते हुए कहा कि विभाग द्वारा संचालित खेल गतिविधियां राज्यभर में सामान्य रहेंगी।
जम्मू, जागरण संवाददाता। कश्मीर में पवित्र रमजान महीने में केवल इंडोर खेल गतिविधियों को ही बढ़ावा दिया जाए जबकि जम्मू और लद्दाख संभाग में आम दिनों की तरह खेल गतिविधियां जारी रहेंगी। युवा, सेवा एवं खेल विभाग के डायरेक्टर जनरल डॉ. सलीम उर रहमान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
उन्होंने अधिकारियों को रमजान के पवित्र महीने के लिए मुबारकबाद देते हुए कहा कि विभाग द्वारा संचालित खेल गतिविधियां राज्यभर में सामान्य रहेंगी। विभाग के कश्मीर संभाग के संयुक्त निदेशक बशीर अहमद ने बताया कि वर्ष 2018-19 में राज्य से 3,37,171 कुल खिलाड़ियों ने 50 खेलों में भाग लिया। इनमें 1,29,727 लड़के और 64,932 लड़कियां भी शामिल हैं। मार्च और अप्रैल महीने में 1,03,593 खिलाड़ियों ने अंतर स्कूल, जोनल स्तरीय, अंतर जोनल जिला स्तरीय और अंतर जिला संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
जिला युवा, सेवा एवं खेल विभाग के कश्मीर संभाग के खेल अधिकारियों सहित लद्दाख संभाग के अधिकारियों ने जिला में जारी खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। बैठक में विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप