जंस्कार को जिला बनाने की मांग कर किया प्रदर्शन
लद्दाख बुद्धिस्ट एसोसिएशन जंस्कार ने जंस्कार को जिला बनाने की मांग कर शनिवार को प्रदर्शन किया और नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जंस्कार 7000 व
जागरण संवाददाता, जम्मू : लद्दाख बुद्धिस्ट एसोसिएशन जंस्कार ने जंस्कार को जिला बनाने की मांग कर शनिवार को प्रदर्शन किया और नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जंस्कार 7000 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यहां पर 20 हजार से ज्यादा जनसंख्या है मगर उसके बाद भी इसे जिला नही बनाया गया। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की यह लंबे समय से मांग है मगर इसे पूरा नही किया जा रहा। लोगों ने कहाकि जब तक जंस्कार को जिला नही बनाया जाता, एसोसिएशन अपना आंदोलन जारी रखेगी। मौके पर संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रधान शेरिग छोत्रा ने कहा कि महाराजा काल में भी जंस्कार क्षेत्र काफी अहम रहा है। महाराजा हरि सिंह के शासनकाल में महाराजा की परिषद में एक प्रतिनिधि जंस्कार से होता था। बाद में लेह, कारगिल व जंस्कार यहां के प्रमुख क्षेत्र रहे हैं। 1979 में लेह और कारगिल को जिला बना दिया था मगर जंस्कार आज तक जिला नही बन पाया। जंस्कार का इलाका दूर दराज का इलाका है और इसकी सीमा हिमाचल से छूती है। यहां जिला बनने से ही लोगों की राहें आसान होंगी। एसोसिएशन के सदस्यों ने प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल से कहा कि वे मामले में हस्तक्षेप करें और जंस्कार को जिला का दर्जा देने की दिशा में जरूरी कदम उठाएं। वहीं सदस्यों ने कहा कि अगर लोगों की मांगों को पूरा नही किया गया तो लद्दाख बुद्धिस्ट एसोसिएशन जंस्कार को हक के लिए अपनी लड़ाई को और कड़ा करना पड़ेगा।