विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'PDP का सियासी आधार खत्म, नेकां विरोध ही आखिरी सहारा'; आगा रुहुल्ला के इस्तीफा पर क्या बोले मंत्री मीर सैफुल्लाह?

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:22 PM (GMT+05:30)

मंत्री मीर सैफुल्लाह ने पीडीपी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी अपना जनाधार खो चुकी है और अब नेशनल कॉन्फ्रेंस का विरोध ही उसकी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने का एकमात्र सहारा है।

खेल और युवा मंत्री मीर सैफुल्लाह। फाइल फोटो

खेल और युवा मंत्री मीर सैफुल्लाह। फाइल फोटो

HighLights

  1. पीडीपी ने अपना राजनीतिक जनाधार खो दिया है।

  2. नेकां का विरोध ही पीडीपी का एकमात्र सहारा है।

  3. आगा रुहुल्ला का आंदोलन राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। योजना विकाए एवं निगरानी और युवा सेवा व खेल मंत्री मीर सैफुल्लाह ने शनिवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर तीखा सियासी हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी पिछले विधानसभा चुनाव में अपना जनाधार गंवा चुकी है और अब राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए नेशनल कान्फ्रेंस (नेकां) का विरोध ही उसका एकमात्र सहारा रह गया है। उन्होंने पूर्व सांसद आगा रुहुल्ला मेहदी के आंदोलन को भी राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश करार दिया।

मीर सैफुल्ला नेकहा कि पीडीपी अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान और जनसमर्थन खो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी जनता के बीच अपनी जगह दोबारा बनाने के बजाय सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस को निशाना बनाकर वोट हासिल करने की रणनीति अपना रही है। उनके मुताबिक, पिछले चुनाव ने पीडीपी की राजनीतिक कमजोरी उजागर कर दी है।

सैफुल्लाह ने की तीखी टिप्पणी

जेकेएसएसबी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े मामलों की जांच उपराज्यपाल के अधीन पुलिस और जांच एजेंसियों का विषय है।

मौजूदा उमर अब्दुल्ला सरकार को उन मामलों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, जो उसके सत्ता संभालने से पहले के हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।

आगा रुहुल्ला के दोबारा विरोध-प्रदर्शन शुरू करने पर सैफुल्लाह ने सबसे तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद रुहुल्लाह के पास न संसद का मंच बचा है, न पार्टी में कोई पद और न संगठनात्मक जिम्मेदारी। ऐसे में सड़कों पर उतरना उनके लिए राजनीतिक पहचान बचाने की मजबूरी बन गया है।

आगा रुहुल्ला के इस्तीफे पर क्या बोले? 

मंत्री ने रुहुल्ला के इस्तीफे को 'बड़ी गलती' बताते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी सियासी जमीन शून्य से तैयार करनी होगी। हालांकि, उन्होंने किसी बाहरी एजेंसी के समर्थन का आरोप लगाने से परहेज किया और कहा कि अंततः चुनावी ताकत का फैसला जनता करती है।

नेकां में कैबिनेट विस्तार के बाद असंतोष की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि मंत्री पद की उम्मीद रखने वाले कुछ विधायकों को जगह नहीं मिल सकी, लेकिन नेतृत्व उनसे बातचीत कर चुका है। उन्होंने दावा किया कि नेकां में संगठनात्मक एकजुटता कायम है।

अनुच्छेद 370 की बहाली, राज्य के दर्जे और अलग ध्वज की मांग पर सैफुल्लाह ने कहा कि पार्टी संवैधानिक दायरे में अपने वादों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। दैनिक वेतनभोगियों के नियमितीकरण सहित चुनावी वादों में देरी का कारण उन्होंने राज्य का दर्जा बहाल न होना बताया। साथ ही भरोसा दिलाया कि फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला के वादे चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।