यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बैंकों की हड़ताल का जम्मू कश्मीर में आशिंक असर, शामिल नहीं होगा जेके बैंक
दो दिन तक बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहेगा। बैंकाें की देशव्यापी हड़ताल का जम्मू कश्मीर में बुधवार को आंशिक असर दिखा।

जम्मू, राज्य ब्यूरो। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकाें की देशव्यापी हड़ताल का जम्मू कश्मीर में बुधवार को आंशिक असर दिखा। राज्य में जम्मू कश्मीर बैंक के इस हड़ताल में शामिल न हाेने से लोगों को कुछ खास परेशानी नही हुई।
भले ही राष्ट्रीय बैंकों की शाखाएं बंद रही लेकिन इन बैंकों के उपभोक्ताओं के लिए भी जम्मू कश्मीर बैंक के 1205 एटीएम नगद निकासी के लिए खुले थी।
जम्मू कश्मीर में करीब सत्तर प्रतिशत बैंकिंग जम्मू कश्मीर की 909 शाखाओं में होती है। बैंक ने नगद जमा करवाने के लिए भी 25 मशीनें लगाई हैं। जम्मू कश्मीर में बैकिंग के लिए ट्रेजरी भी जेके बैंक ही चलाता है, एेसे में हड़ताल का राज्य सरकार के कामकाज पर भी कोई असर नही है।
इस बारे में जम्मू कश्मीर बैंक के प्रवक्ता रवि कुमार का कहना है कि हमें अंदाजा है कि अब दो दिन हम पर अधिक लोड़ रहेगा। इसके लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। बैंक की एटीम में सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक कैश लोड़ किया जा रहा है।
हड़ताल में शामिल नहीं होगा जेके बैंक

बैंकों के माध्यम से लेनदेन करने वाले ग्राहकों को जम्मू-कश्मीर में कोई खास परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। राज्य के सबसे बड़े नेटवर्क वाले जम्मू-कश्मीर बैंक लिमिटेड का कल से राष्ट्रीय स्तर पर शुरू हो रही दो दिवसीय हड़ताल से कोई लेना-देना नहीं है। जेके बैंक के कर्मचारी बुधवार और वीरवार को भी रोजमर्रा की तरह काम करेंगे।
हालांकि इन दो दिन में अन्य सरकारी बैंक कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से जेके बैंक पर बोझ कुछ अधिक रहेगा। इस समय राज्य में जेके बैंक की 909 शाखाएं, 1205 एटीएम व 25 नकदी जमा करने वाली मशीने लगी हैं। राज्य में ट्रेजरी भी जेके बैंक के अधीन है। ऐसे में दो दिवसीय इस हड़ताल के दौरान लोगों को कुछ राहत रहेगी। जिन लोगों के खाते दूसरे बैंकों में हैं या जिनके चेक दूसरे बैंक से मंजूर होने हैं, उन्हें हड़ताल खत्म होने का इंतजार करना पड़ेगा।
सरकारी बैंकों के हजारों कर्मचारी 30 और 31 मई को देशव्यापी हड़ताल पर जा रहे हैं। हड़ताल का आह्वान भारतीय बैंक संघ (आइबीए) की वेतन में केवल दो प्रतिशत की वृद्धि के विरोध में किया गया है। वेतन वृद्धि को लेकर पांच मई 2018 को हुई बैठक में आइबीए ने दो प्रतिशत वृद्धि की पेशकश की थी।
इस पेशकश के विरोध में बुधवार-वीरवार को सार्वजनिक बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, कैनरा बैंक, इलाहबाद बैंक, यूको बैंक, देहाती बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स व सेंट्रल बैंक प्रमुख हैं।
अगले दो दिन तक इन बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहेगा। सार्वजनिक बैंकों की हड़ताल के कारण जेके बैंक पर बढ़ने वाले बोझ पर बैंक के प्रवक्ता रवि कुमार ने कहा कि यह तय है कि अगले दो दिन तक जेके बैंक पर अधिक बोझ रहेगा, विशेषतौर से एटीएम पर। इसके लिए बैंक ने तैयारी कर ली है। एटीएम में रूटीन से अधिक राशि डाली जा रही है ताकि मांग पूरी की जा सके।