विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में खाली प्लॉट है तो घर बैठे करें कमाई! जाम खत्म करने के लिए पुलिस का सुझाव, खोल सकेंगे अस्थायी पेड पार्किंग 

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:36 AM (IST)

जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने अवैध पार्किंग और जाम से निपटने के लिए खाली प्लाटों में अस्थायी पेड पार्किंग शुरू करने का सुझाव दिया है। इससे प्लाट मालिकों को कमाई का मौका मिलेगा और वाहन चालकों को सुरक्षित पार्किंग सुविधा मिलेगी।

जम्मू शहर में अवैध पार्किंग रोकने के लिए खाली प्लाटों में बनेंगे पार्किंग स्थल। (फाइल फोटो)

जम्मू शहर में अवैध पार्किंग रोकने के लिए खाली प्लाटों में बनेंगे पार्किंग स्थल। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ट्रैफिक पुलिस ने खाली प्लाटों में पेड पार्किंग का सुझाव दिया।

  2. अवैध पार्किंग और जाम की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।

  3. प्लाट मालिकों को कमाई और वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर की सड़कों पर अवैध पार्किंग और लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नई पहल की है। पुलिस ने शहर के बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खाली पड़े प्लाटों के मालिकों को अपने प्लाट में अस्थायी पेड पार्किंग शुरू करने का सुझाव दिया है। इससे जहां सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों की संख्या कम होगी, वहीं प्लाट मालिकों को भी कमाई का नया साधन मिलेगा।

शहर के कई प्रमुख बाजारों और व्यस्त सड़कों पर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं।

इससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार गलत तरीके से खड़े वाहन एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों की आवाजाही में भी बाधा बनते हैं।

जरूरी अनुमति लेकर प्लाट मालिक दे सकेंगे पार्किंग की सुविधा

डीएसपी ट्रैफिक जम्मू अश्विनी शर्मा ने बताया कि शहर में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए खाली प्लाटों का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया जा रहा है। जिन लोगों के प्लाट फिलहाल खाली पड़े हैं, वे संबंधित विभागों से जरूरी अनुमति लेकर वहां अस्थायी पेड पार्किंग शुरू कर सकते हैं।

इससे वाहन चालकों को सुरक्षित पार्किंग की सुविधा मिलेगी और प्लाट मालिकों की आमदनी भी होगी।

नगर निगम और जेडीए को भी नए पार्किंग स्थल विकसित करने का सुझाव

उन्होंने बताया कि निजी प्लाट मालिकों के साथ-साथ जम्मू नगर निगम और जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) को भी शहर में अधिक पार्किंग स्थल विकसित करने के सुझाव दिए जा रहे हैं।

अश्विनी शर्मा ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य सड़कों को अवैध पार्किंग से मुक्त करवाना और यातायात को सुचारु बनाना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि दूसरे लोगों को परेशानी न हो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।