विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू की सब्जी मंडी में क्यों परेशान हैं दुकानदार और ग्राहक? आयुक्त के सामने रखीं समस्याएं, अफसरों को मिले निर्देश

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

जम्मू नगर निगम आयुक्त आयुषी सूदन ने परेड सब्जी मंडी के आधुनिकीकरण में देरी और गुणवत्ता पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा- तय समय में पूरा करें काम। (फोटो- जागरण)

आयुक्त ने कहा- तय समय में पूरा करें काम। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. आयुक्त आयुषी सूदन ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

  2. गुणवत्ता से समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।

  3. व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान का आश्वासन।

जागरण संवाददाता, जम्मू। परेड सब्जी मंडी के आधुनिकीकरण और विकास कार्यों में हो रही देरी से व्यापारियों व ग्राहकों को हो रही असुविधा पर कड़ा रुख अपनाते हुए जम्मू नगर निगम आयुक्त एवं जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीईओ आयुषी सूदन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी सूरत में समझौता न किया जाए और सभी अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।

दौरे के दौरान उन्होंने फड़ी वालों और दुकानदारों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उन्हें जल्द समाधान का ठोस आश्वासन दिया।

वीरवार को मंडी परिसर के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विभिन्न विकास घटकों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अभियंताओं से प्रोजेक्ट की प्रगति पर विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया।

काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर

आयुषी सूदन ने काम की गति तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे का निर्माण उच्च मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि भविष्य में मंडी आने वाले लोगों और व्यापारियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।

इस दौरे के दौरान आयुक्त के साथ महाप्रबंधक (सिविल) सलीम-उल-सबाह, सहायक कार्यकारी अभियंता रवि सलगोत्रा सहित जम्मू नगर निगम और जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

फड़ी वालों व दुकानदारों ने बयां की परेशानियां

निरीक्षण के बीच स्थानीय दुकानदारों और फड़ी लगाकर गुजर-बसर करने वाले विक्रेताओं ने आयुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों का कहना था कि निर्माण कार्य धीमी गति से चलने के कारण मंडी में जगह की भारी किल्लत हो गई है। सामान रखने व बेचने में परेशानियां आ रही है।

इसके अलावा, निर्माण सामग्री बिखरी होने और रास्तों के संकरे होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे उनके रोजमर्रा के कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। दुकानदारों ने मंडी में जल निकासी और सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त करने की मांग उठाई।

समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन

आयुक्त आयुषी सूदन ने व्यापारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि मंडी का यह कायाकल्प उन्हीं की सुविधा और बेहतर व्यवसाय के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि दुकानदारों और आम जनता को कम से कम परेशानी हो तथा कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर मंडी को सुव्यवस्थित रूप से सौंपा जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।