पाक सेना ने दूसरे दिन भी भारतीय चौकियों पर दागी गोलियां, दिया मुंहतोड़ जवाब
पाकिस्तानी सैनिकों ने आज भी हल्के हथियारों का इस्तेमाल किया। उन्होंने शाहपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटी भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए सुबह 11 बजे के करीब गोलीबारी शुरू की
जम्मू, जेएनएन। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। जम्मू-कश्मीर में अशांति का माहौल व्याप्त करने और गोलीबारी की आड़ में घुसपैठ की फिराक में रहने वाले पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले चौबीस घंटों के दौरान जिला पुंछ के शाहपुर सेक्टर में दूसरे दिन भी सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। वहीं भारतीय जवानों ने भी इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी सैनिकों ने आज भी हल्के हथियारों का इस्तेमाल किया। उन्होंने शाहपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटी भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए सुबह 11 बजे के करीब गोलीबारी शुरू की। जवाबी कार्रवाई में भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया। हालांकि करीब पौने घंटे तक चली इस गोलीबारी में किसी भी तरह की क्षति पहुंचने की सूचना नहीं है। भारतीय जवान सरहद पर चौकसी बनाए हुए हैं।
सैन्य अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान सैनिक अकसर आतंकवादियों को घुसपैठ करवाने के लिए इस तरह गोलीबारी करते हैं। भारतीय जवान सतर्क हैं। पाकिस्तान की किसी भी नापाक हरकत को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। नियंत्रण रेखा के साथ सटे रिहायशी इलाकों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप