पाक गोलाबारी कर निकाल रहा खीज : जितेंद्र सिंह
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पाकिस्ता
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान, भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में भारी जानी नुकसान से हताश होकर हमारे नागरिकों पर गोले दाग रहा है। उसे इसके लिए भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।
पुंछ में पाकिस्तानी की गोलाबारी में पांच नागरिकों की मौत पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पड़ोसी देश नियमों को ताक पर रखकर रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है। परोक्ष युद्ध को शह दे रहे पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो रही है, जो पहले नहीं होती थी। सुरक्षाबलों को कड़ी कार्रवाई करने की खुली छूट है।
रविवार को जम्मू में सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के बाद डॉ. सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस उत्तर प्रदेश में चुनाव में सिक्योरिटी डिपाजिट जब्त होने की खुशियां मना रही है। हताश विपक्षी पार्टी असमंजस में खुशियां मना रही है। इस पार्टी के लिए अब जीत कोई मायने नही रखती है, उसे भाजपा की हार की खुशियां मिलती हैं।
राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उस समय इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में खामियां नजर नही आई, जब दस साल इस पार्टी की हुकूमत थी। अब उनके बयान वर्ष 2019 के संसदीय चुनाव में हार के प्रतीक हैं।
विपक्ष के 2019 के संसदीय चुनाव को मोदी बनाम सब प्रोजेक्ट करने पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को याद करना चाहिए कि 1970 के शुरू में उनकी दादी इंदिरा गांधी के बारे में भी ऐसा ही कहा जाता था।