Ceasefire Violation: अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रामगढ़ सेक्टर में बीएसएफ के गश्ती दल पर पाक सैनिकों की गोलीबारी
जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनावों की घोषणा के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुया है।उसकी कोशिश है कि चुनावों और आगामी दीवाली पर जम्मू कश्मीर में तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया जाए।भारतीय जवान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नजर रखे हुए है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: जम्मू की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रामगढ़ सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्रो ने भारतीय क्षेत्र में गश्त कर रहे बीएसएफ के जवानों पर गोलीबारी की। यह घटना सोमवार सुबह 7.25 बजे की है जब सीमा पार पाकिस्तान की सकरोई पोस्ट से रेंजरों ने छोटे हथियारों से गश्त कर रहे भारतीय जवानों को निशाना बना कर गोलीबारी शुरू कर दी।
बीएसएफ के जवान जीरो लाइन पर भारतीय पोस्ट माजरा के पास गश्त पर थे। गोलीबारी को देखते हुए जवानों ने मोर्चें संभाल लिए और दुश्मनों का उसी अंदाज से गोलीबारी का जवाब दिया। बीएसएफ इसे स्नाइपर फायर से भी इंकार नहीं कर रही है।दोनो ओर से करीब 10 मिन्ट चली गोलीबारी के बाद स्थिति सामान्य हो गई। गोलीबारी में जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नही है।गाेलियों की आवाज सुनकर साथ लगते गांवों के लोगों में दहशत फैल गई।इन दिनों सीमा पर बासमति धान की फसल पक कर तैयार है। हालांकि बीएसएफ जवानों ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दे दी है।
ग्रामीणों को डर है कि अगर पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी में तेजी आती है तो वे अपनी फसल भी नहीं काट पाएंगे।गोलाबारी की इस घटना को देखते हुए ग्रामीणों को भी सर्तक रहने को कहा गया है।पाकिस्तान की कोशिश होती है कि किसी एक भारतीय पोस्ट पर गोलीबारी कर दूसरी पोस्ट से आतंकवादियों को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करवाई जाए।
जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनावों की घोषणा के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुया है।उसकी कोशिश है कि चुनावों और आगामी दीवाली पर जम्मू कश्मीर में तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया जाए।भारतीय जवान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नजर रखे हुए है।