पाकिस्तान ने पुंछ में क्रॉस एलओसी व्यापार केंद्र पर दागे गोले
राज्य ब्यूरो जम्मू नियंत्रण रेखा पर दो दिन की चुप्पी के बाद पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को पुंछ
राज्य ब्यूरो, जम्मू : नियंत्रण रेखा पर दो दिन की चुप्पी के बाद पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी व गुलपुर सेक्टर के करमाड़ा में फिर भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान पाकिस्तान ने दो गोले पुंछ में चकना दा बाग में क्रॉस एलओसी व्यापार केंद्र पर भी दागे। इससे इमारत को हल्का नुकसान हुआ। व्यापार भी रद हो गया। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया।
सुबह करीब साढ़े दस बजे पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सैन्य चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागना शुरू कर दिए। इस गोलाबारी से अफरा तफरी का माहौल बन गया। लोग जाने बचाने के लिए सुरक्षित जगहों की ओर भागे। इस दौरान पाकिस्तान सेना की ओर से दागे गए दो गोले क्रॉस एलओसी व्यपार केंद्र पर भी गिरे। इससे इमारत को क्षति पहुंची, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। गोलाबारी के चलते एलओसी व्यापार भी रद कर दिया गया। दोनों ओर से गेट नहीं खुले, जिससे ट्रक अपनी-अपनी तरफ खड़े रहे। दोपहर करीब एक बजे तक सीमा पार से गोलाबारी जारी रही। दोनों देशों के बीच, चकना दा बाग से सप्ताह में चार दिन मंगलवार से शुक्रवार के बीच व्यापार होता है। यहां से हफ्ते में एक दिन सोमवार को राह ए मिलन बस भी चलती है।
जम्मू के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सुबह साढ़े दस बजे से साढ़े बारह बजे तक गोले दागे गए। आधा घंटा खामोश रहने के बाद पाकिस्तान ने दोपहर एक बजे के करीब फिर से गोले दागे। इस दौरान चकना दा बाग इलाके को निशाना बनाया गया। सेना ने भी इस गोलाबारी का भी कड़ा जवाब दिया।
इससे पूर्व मंगलवार रात पाकिस्तान ने अखनूर के प्लांवाला के पंजतूत, पलातन गांवों में भी गोलियां दागी। कुछ गोलियां लोगों के घरों में भी लगीं। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। पाकिस्तान की हरकतों को देखते हुए सेना, सीमा सुरक्षाबल की ओर से सीमांत लोगों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने रविवार को भी जम्मू संभाग के पुंछ व कश्मीर के उड़ी में गोले दागे थे। इस गोलाबारी में उड़ी में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया था, जबकि चार लोग घायल हुए थे।