एक दिन की शांति के बाद अखनूर व पुंछ में फिर गोलाबारी
राज्य ब्यूरो जम्मू नियंत्रण रेखा पर एक दिन की शांति के बाद पाकिस्तानी सेना ने फिर गोलाबारी
राज्य ब्यूरो, जम्मू : नियंत्रण रेखा पर एक दिन की शांति के बाद पाकिस्तानी सेना ने फिर गोलाबारी शुरू कर दी है। पाकिस्तान ने सोमवार सुबह पहले जम्मू जिला के अखनूर के केरी बट्टल सेक्टर और शाम को पुंछ जिले के शाहपुर किरनी सेक्टर में गोलाबारी की। भारत ने भी पाकिस्तान को माकूल जवाब दिया।
पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शनिवार रात को गोलाबारी की थी, इसके बाद से स्थिति शांत थी। इस बीच, थलसेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत जम्मू दौरे पर आए और हालात का जायजा लेकर व दिशा निर्देश देकर गत रविवार को दिल्ली लौट गए। उसके बाद सोमवार तड़के पाकिस्तान ने केरी बट्टल में नियंत्रण रेखा पर गोले दागना शुरू कर दिए। तड़के तीन बजे शुरू हुई यह गोलाबारी सुबह साढ़े छह बजे तक जारी रही। पाकिस्तानी सेना ने अखनूर में नियंत्रण रेखा से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर भी दो चौकियों को निशाना बनाया। परगवाल इलाके की इन चौकियों में नत्थू किलियां व संगम शामिल हैं। इनमें से एक सीमा सुरक्षा बल के पास तो दूसरी सेना के पास है। जम्मू के अखनूर में दस किलोमीटर अंतराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा का जिम्मा सेना के पास भी है। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को कड़ा जबाव दिया। सेना के प्रवक्ता के अनुसार दोनों ओर से किसी के हताहत अथवा घायल होने की सूचना नहीं है।
उधर, पुंछ जिले में गत शुक्रवार रात को पाकिस्तानी गोलाबारी में तीन लोगों की मौत व छह लोग घायल हो गए थे। शनिवार को पाकिस्तान ने राजौरी के नौशहरा व झंगड़ में गोलाबारी की थी। उसके बाद से गोलाबारी बंद थी। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पाकिस्तान ने पुंछ के शाहपुर किरनी सेक्टर में फिर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। बता दें कि भारतीय वायु सेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के बाद से अब तक पाकिस्तान 56 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है।