दीवाली पर लापरवाही ने बिगाड़ी खुशियां, 40 से ज्यादा लोग जीएमसी जम्मू पहुंचे; बच्चे भी झुलसे
दीवाली पर पटाखों की लापरवाही से कई लोग घायल हो गए। जीएमसी जम्मू में 40 से अधिक लोग उपचार के ...और पढ़ें

दीवाली की रात जम्मू में 40 से अधिक लोग झुलसकर पहुंचे अस्पताल। (AI Generated)
जागरण संवाददाता, जम्मू। दीवाली पर आतिशबाजी का उत्साह कई लोगों के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया। पटाखे चलाते समय बरती गई लापरवाही के कारण कई लोग झुलसकर अस्पताल पहुंच गए। अकेले जीएमसी जम्मू में ही दीवाली की रात पटाखों से घायल हुए 40 से अधिक लोगों को उपचार के लिए लाया गया। इनमें बच्चे भी शामिल थे।
हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों सहित कई घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दीवाली की शाम छह बजे के बाद अस्पताल पहुंचने लगे झुलसे लोग
जीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार दीवाली की शाम करीब छह बजे के बाद से ही पटाखों से झुलसने वाले मरीजों का इमरजेंसी वार्ड में पहुंचना शुरू हो गया था। देर रात तक घायलों के आने का सिलसिला जारी रहा।
अधिकांश लोगों के हाथ और बाजू झुलसे थे, जबकि कुछ पटाखों की चपेट में आने से चेहरे और आंखों के आसपास घायल हो गए। कुछ लोगों की टांगें भी झुलस गई थीं। घायलों में युवाओं की संख्या अधिक रही।
इनमें ज्यादातर ऐसे लोग थे, जो पटाखे चलाते समय जरूरी सावधानियां नहीं बरत पाए। कई मामलों में पटाखे हाथ में फटने या नजदीक से चलाने के कारण चोटें आईं।
जीएमसी के साथ सरवाल-गांधी नगर अस्पतालों में भी पहुंचे घायल
दीवाली पर संभावित हादसों को देखते हुए जीएमसी प्रशासन ने इमरजेंसी वार्ड में पहले से ही विशेष व्यवस्था की थी। अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती के साथ झुलसने वाले मरीजों के उपचार के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे।
जीएमसी के अलावा सरवाल और गांधी नगर अस्पतालों में भी पटाखों से झुलसे लोग उपचार के लिए पहुंचे। इस तरह आतिशबाजी का उल्लास कई परिवारों के लिए अस्पताल के चक्कर लगाने और अपनों की देखभाल में बदल गया।