विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में रचा गया इतिहास, उधमपुर से दिल्ली भेजे गए ब्रेन डेड मरीज के अंग; 3 लोगों को मिलेगी नई जिंदगी

By Naveen NawaazEdited By: Nitish Kumar Kushwaha
Published: Thu, 19 Nov 2026 10:36 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर कमांड अस्पताल में पहली बार ब्रेन डेड व्यक्ति से अंग सफलतापूर्वक प्राप्त किए गए। इस मानवीय पहल से तीन गंभीर मरीजों को दिल्ली में नया जीवन मिलेगा।

जम्मू-कश्मीर में अंगदान की नई मिसाल, उधमपुर अस्पताल में पहली बार ब्रेन डेड व्यक्ति से अंग प्राप्त।

जम्मू-कश्मीर में अंगदान की नई मिसाल, उधमपुर अस्पताल में पहली बार ब्रेन डेड व्यक्ति से अंग प्राप्त।

HighLights

  1. उधमपुर कमांड अस्पताल में जम्मू-कश्मीर का पहला सफल अंगदान।

  2. ब्रेन डेड जगदेव सिंह के अंग दिल्ली में तीन मरीजों को।

  3. परिवार की सहमति से मानवता की मिसाल, नया जीवन मिला।

नवीन नवाज, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अंगदान और प्रत्यारोपण के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज हुई है। उत्तरी कमान के कमांड अस्पताल, उधमपुर में पहली बार ब्रेन डेड घोषित व्यक्ति के अंगों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर प्रत्यारोपण के लिए दिल्ली भेजा गया।

इस मानवीय पहल से तीन गंभीर मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है। एक परिवार ने अपने प्रियजन को खोने के गहरे दुख के बीच अंगदान का फैसला लेकर मानवता की मिसाल पेश की है।

जम्मू स्थित रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, रियासी जिले के पौनी निवासी 56 वर्षीय जगदेव सिंह को ब्रेन हेमरेज के बाद कमांड अस्पताल उधमपुर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया। इसके बाद परिजनों ने उनके अंगदान की सहमति दी।

परिवार की सहमति मिलने के बाद कमांड अस्पताल उधमपुर और सेना के आर्मी अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीमों ने उनका लिवर और दोनों किडनियां सफलतापूर्वक प्राप्त कीं। इन अंगों को दिल्ली ले जाकर तीन जरूरतमंद मरीजों में प्रत्यारोपित करने की व्यवस्था की गई।

अंगों को निर्धारित समय में सुरक्षित पहुंचाने के लिए विशेष ग्रीन कारिडोर बनाया गया। इस अभियान में एक चुनौती खराब मौसम के कारण भी सामने आई। अंगों को प्राप्त करने के लिए सेना के विमान से पहुंची चिकित्सा टीम को मौसम खराब होने के चलते उधमपुर के बजाय जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर उतरना पड़ा।

इसके बाद नागरिक प्रशासन, सैन्य पुलिस और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से जम्मू से कमांड अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। अंगों के रिट्रीवल के बाद उन्हें 39 विंग एयरफोर्स स्टेशन तक पहुंचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। भारतीय वायुसेना ने अंगों को दिल्ली पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इस पूरी प्रक्रिया में राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो), जम्मू-कश्मीर ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। संगठन के नोडल अधिकारी प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

गौरतलब है कि कमांड अस्पताल को वर्ष 2023 में अंग प्राप्त करने की आधिकारिक अनुमति मिली थी। इसके बाद से यहां अंगदान कार्यक्रम को विकसित करने के प्रयास किए जा रहे थे। अब इस सफल प्रक्रिया के साथ अस्पताल जम्मू-कश्मीर में मृतक दाता से अंग प्राप्त करने वाला पहला केंद्र बन गया है।

यह उपलब्धि केवल चिकित्सा क्षेत्र की सफलता नहीं, बल्कि अंगदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। जगदेव सिंह के परिवार का निर्णय उन तीन मरीजों और उनके परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है, जिन्हें प्रत्यारोपण के जरिए जीवन का एक और अवसर मिलने जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।