Move to Jagran APP

जम्‍मू कश्‍मीर में भाजपा चुनाव विरोधी पार्टियों को करेंगे बेनकाब

प्रदेश भारतीय जनता पार्टी निकाय व पंचायत स्तर पर सशक्त होकर राजनीतिक लक्ष्य को हासिल करेगी।

By Preeti jhaEdited By: Published: Mon, 17 Sep 2018 08:34 AM (IST)Updated: Mon, 17 Sep 2018 08:57 AM (IST)
जम्‍मू कश्‍मीर में भाजपा चुनाव विरोधी पार्टियों को करेंगे बेनकाब
जम्‍मू कश्‍मीर में भाजपा चुनाव विरोधी पार्टियों को करेंगे बेनकाब

जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी निकाय व पंचायत स्तर पर सशक्त होकर राजनीतिक लक्ष्य को हासिल करेगी। कश्मीर केंद्रित राजनीतिक पार्टियों को एक्सपोज किया जाएगा, जो लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखने के लिए चुनाव बहिष्कार का सहारा लेते हैं।

loksabha election banner

जम्मू जिले के अखनूर में संपन्न हुई भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में यह रणनीति तय हुई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, सांसद जुगल किशोर शर्मा, सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता व पूर्व मंत्री सत शर्मा मौजूद थे।

राज्य में निकाय व पंचायत चुनाव की घोषणा के ठीक बाद हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक पूरी तरह चुनावी तैयारियों पर केंद्रित रही। ऐसे में सभी वरिष्ठ नेता चुनाव का बहिष्कार करने वाली नेशनल कांफ्रेंस व पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी पर खुलकर बरसे। इन पार्टियों को जन विरोधी करार देते हुए जोर दिया गया कि लोगों के बीच इन पार्टियों को एक्सपोज किया जाएगा। निजी स्वार्थ के लिए ये पार्टियां चुनाव का विरोध करती आई हैं।

अखनूर में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित प्रेमनाथ डोगरा, टीका लाल टपलू को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ शुरू हुई। इस दौरान वाजपेयी के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।

निकाय व पंचायत चुनाव आम आदमी के लिए अहम :

रविंद्र रैना रविंद्र रैना ने निकाय व पंचायत चुनाव के महत्व पर बल देते हुए कहा कि ये चुनाव आम आदमी को मजबूत करते हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता पूरी कोशिश करें कि लोगों की उम्मीदें पूरी हों और उन्हें तेज विकास का लाभ मिल सके। उन्होंने अखनूर के ठाकुर सहदेव सिंह हॉल में पदाधिकारियों का स्वागत करने के साथ भाजपा के दिग्गजों के योगदान पर भी प्रकाश डाला।

कश्मीर की पार्टियां जम्मू पर थोप रही फैसले :

जितेंद्र सिंह डॉ. जितेंद्र सिंह ने चुनाव बहिष्कार करने वाली कश्मीर की पार्टियों को घेरते हुए कहा कि उनका नेतृत्व अपने फैसले जम्मू पर थोपने की कोशिश कर रहा है। इन पार्टियों के जम्मू केंद्रित नेताओं में अगर आत्मसम्मान है तो वे भाजपा का दरवाजा खटखटा सकते हैं।

वहीं, संविधान के 73वें संशोधन के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने राज्य में पंचायत चुनाव में इसका समर्थन क्यों नही किया। जितेंद्र सिंह ने कहा कि लोग फैसला करें कि वे मोदी के विकास के साथ हैं या चुनाव बहिष्कार करने वालों के साथ हैं।

कार्यकर्ता लोगों से बेहतर समन्वय बनाकर लक्ष्य हासिल करें : 

सांसद जुगल किशोर शर्मा, शमशेर सिंह मन्हास व सत शर्मा ने निकाय व पंचायत चुनाव पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जमीनी सतह पर लोकतंत्र की मजबूती के लिए इनमें कामयाब होना जरूरी है। कार्यकर्ता लोगों से बेहतर समन्वय स्थापित कर चुनावी लक्ष्य हासिल करें। इन चुनाव के जरिये ही केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले अरबों रुपये के फंड लोगों तक पहुंचेंगे।

भाजपा संगठन महामंत्री अशोक कौल ने संगठनात्मक गतिविधियों और वार्ड स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने की मुहिम व कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।बैठक में विधायक राजीव शर्मा, डॉ. कृष्ण लाल भगत, महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह, युद्धवीर सेठी, सुनील शर्मा, सभी विधायक, एमएलसी, पदाधिकारी, मोर्चा प्रभारी, जिला प्रधान व वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस दौरान राज्य प्रवक्ता प्रिया सेठी ने वाजपेयी के योगदान के बारे में जानकारी दी। राज्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता राजनीतिक प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी। भाजपा महासचिव डॉ. नरेन्द्र सिंह ने संस्तुति की।

काव्यांजलि कार्यक्रम के तहत वाजपेयी की कविताएं पेश की

कविंद्र गुप्ता ने इसके ड्राफ्ट में शामिल मुद्दों के बारे में बताया। कविंद्र गुप्ता, डॉ. कृष्ण लाल व राजीव शर्मा ने काव्यांजलि कार्यक्रम के तहत वाजपेयी की कविताएं पेश की। वहीं जिला और मोर्चा प्रधानों ने अपनी रिपोर्ट पेश की। अखनूर के जिला प्रधान मनमोहन सिंह मन्हास ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया। तिलक राज गुप्ता ने आरएसपुरा में पिछली राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बारे में जानकारी दी। मीडिया सचिव डॉ. प्रदीप महोत्रा ने वंदे मातरम पेश किया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. नरेंद्र सिंह की देख रेख में हुआ। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.