शेषनाग झील विवाद: CM उमर अब्दुल्ला बोले- UP चुनाव के लिए तनाव फैला रहीं PDP-BJP
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शेषनाग झील मार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्य को लेकर पीडीपी और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल इस मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देकर उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।

शेषनाग विवाद पर सीएम उमर का पीडीपी-भाजपा पर निशाना। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के आसपास चल रहे निर्माण और सड़क मरम्मत कार्य को लेकर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने दोनों दलों पर इस मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देकर हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच दरार पैदा करने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उमर ने इस पूरे विवाद को उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए दावा किया कि पीडीपी और भाजपा की इस मामले में मिलीभगत है।
शुक्रवार को कठुआ जिले के बनी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शेषनाग झील के आसपास निर्माण कार्य को लेकर पीडीपी और भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने पीडीपी की ओर इशारा करते हुए कहा कि 'कलम-दवात' वाले लोगों को गुमराह कर रहे हैं, जबकि भाजपा के नेता भी लोगों को भड़काने में लगे हैं। दोनों दल शेषनाग झील को नुकसान पहुंचाने और वहां सड़क पर तारकोल बिछाए जाने की बातें कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेषनाग में कोई नया सड़क निर्माण या तारकोल बिछाने का काम नहीं हो रहा है। वहां सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप पहले से मौजूद सड़क और मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक इंच भी तारकोल नहीं बिछाया गया है। यदि कोई इसके विपरीत साबित कर दे तो उनकी सरकार किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार है।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पीडीपी और भाजपा दोनों इस मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देकर लोगों के बीच विभाजन पैदा करना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीपी एक समुदाय को भड़काने का प्रयास कर रही है, जबकि भाजपा दूसरे समुदाय की भावनाओं को उभार रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, दोनों दलों का मकसद जम्मू-कश्मीर में हिंदू-मुस्लिम तनाव पैदा कर उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव में राजनीतिक फायदा उठाना है।
उन्होंने कहा कि पीडीपी इस पूरे मामले में भाजपा की मदद कर रही है, लेकिन उनकी सरकार प्रदेश में किसी को भी लोगों को आपस में लड़ाने की इजाजत नहीं देगी। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के संस्थापक शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के नारे ''हिंदू-मुस्लिम-सिख इत्तिहाद'' का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जम्मू-कश्मीर की साझा विरासत है और इसे किसी भी कीमत पर टूटने नहीं दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने शेषनाग झील को नुकसान पहुंचने और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाने वालों को अदालत अथवा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) का दरवाजा खटखटाने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास इस बात के प्रमाण हैं कि झील को नुकसान पहुंचाया गया है या अदालत के निर्देशों के विपरीत काम हुआ है तो उसे कानूनी मंच पर अपनी बात रखनी चाहिए। केवल राजनीतिक बयानबाजी और लोगों की भावनाएं भड़काने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित दल कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय इस मुद्दे पर सियासत कर रहे हैं और आम लोगों के बीच भ्रम पैदा कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।