विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उमर सरकार को कोई खतरा नहीं, पूरा करेगी अपना कार्यकाल'; आगा रुहुल्ला के इस्तीफे पर मंत्री राणा बोले- 'अल्लाह के हवाले'

Published: Tue, 03 Nov 2026 06:30 AM (IST)

जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद राणा ने कहा कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और जनता से किए सभी वादे निभाएगी।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला। फाइल फोटो

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला। फाइल फोटो

HighLights

  1. उमर अब्दुल्ला सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।

  2. सरकार या पार्टी को कोई खतरा नहीं, वादे पूरे होंगे।

  3. आगा रुहुल्ला को संगठन के लिए काम करना चाहिए।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में मौजूदा सरकार अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करते हुए जनता के साथ किए गए अपने सभी वादे पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार या पार्टी को कोई खतरा नहीं है। पार्टी मे बगावत नहीं नाराजगी है जो जल्द ही दूर हो जाएगी।

आगा रुहुल्ला को संगठन के लिए काम करना चाहिए,अगर वह इस्तीफा देते हैं तो फिर वह अल्लाह के हवाले। इसके साथ ही आ उन्होंने स्पष्ट किया कि जम्मू, कश्मीर और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को साथ लेकर आगे बढ़ना सरकार का मुख्य एजेंडा है।

जम्मू में पारंपरिक दरबार मूव के तहत सरकारी कामकाज दोबारा शुरू होने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में जावेद अहमद राणा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकार की सभी कैबिनेट बैठकों का विस्तृत रिकॉर्ड और चार्ट तैयार करने की अपील की, ताकि सरकार के फैसलों और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंच सके।

फैसलों का पूरा ब्यौरा तैयार करें- मंत्री

मंत्री ने कहा कि कैबिनेट की बैठकों में लिए गए फैसलों का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाना चाहिए, जिससे लोगों और प्रशासनिक कर्मचारियों को पिछले दो वर्षों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि मैं अपने अधीनस्थ सभी कर्मचारियों से भी अनुरोध करूंगा कि वे सभी कैबिनेट बैठकों का पूरा चार्ट तैयार करें, ताकि हर किसी को पता चल सके कि पिछले दो वर्षों में सरकार ने क्या-क्या काम किए हैं।

राणा ने कहा कि कई बार सरकार के सदस्य भी इस अवधि में किए गए व्यापक कार्यों का पूरा विवरण याद नहीं रख पाते। ऐसे में कैबिनेट के फैसलों और सरकारी पहलों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण बेहद जरूरी है।उन्होंने दोहराया कि आने वाले समय में सरकार का विशेष ध्यान जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक क्षेत्र और उप-क्षेत्र को साथ लेकर चलने पर रहेगा।

उन्होंने कहा, 'सभी क्षेत्रों और उप-क्षेत्रों को साथ लेकर समान विकास करना हमारा एजेंडा है। इंशाअल्लाह, एक नए दौर की शुरुआत होगी।'

दरबार मूव की बहाली से मजबूत होंगे जम्मू-कश्मीर के रिश्ते

दरबार मूव की बहाली पर प्रतिक्रिया देते हुए जावेद राणा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के बीच दूरियां पैदा करने की कोशिश करने वाले लोग इस व्यवस्था की बहाली से निराश हुए हैं। दरबार मूव के माध्यम से लोगों का आपसी मेलजोल बढ़ता है।

जिससे रिश्ते मजबूत होते हैं और प्रेम, सद्भावना तथा भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।राणा ने दरबार मूव को जम्मू-कश्मीर के लिए एक सकारात्मक शुरुआत बताते हुए कहा कि यह व्यवस्था दोनों क्षेत्रों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

सरकार पूरा करेगी पांच साल का कार्यकाल

मंत्री जावेद राणा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को लेकर कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। उन्होंने विश्वास जताया कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।

सरकार क्षेत्रीय संतुलन, समावेशी विकास और सभी क्षेत्रों को समान अवसर उपलब्ध कराने के अपने एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी। पार्टी में कोई फूट नहीं है, कोई बगावत नहीं है,कुछ लोग नाराज हैं,जल्द ही सबकुछ सामान्य हो जाएगा।

आगा रुहुल्ला अल्लाह के हवाले

जावेद अहमद राणा ने सांसद आगा सैयद रुहुल्ला के इस्तीफे की संभावना पर कहा कि उन्हें मनाने का प्रयास किया गया है। उन्हें संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए। वह पार्टी से बड़े नहीं हैं। उनके जाने से किसी को या संगठन को फर्क नहीं पड़ेगा। अगर वह जाते हैं तो जाएं- इस्तीफा देते हैं तो अल्लाह के हवाले।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।