विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमर कैबिनेट में नए सिरे से विभागों का बंटवारा, सकीना बिट्टू से छीना शिक्षा विभाग; जावेद डार को मिला वित्त मंत्रालय

Published: Thu, 29 Oct 2026 11:10 AM (IST)

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंत्रियों के विभागों का नया बंटवारा किया है। इस फेरबदल में जावेद ...और पढ़ें

जावेद डार, उमर अब्दुल्ला और सकीना इट्टू

जावेद डार, उमर अब्दुल्ला और सकीना इट्टू 

HighLights

  1. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया।

  2. जावेद डार को वित्त, खनन और सहकारिता विभाग मिले।

  3. सुरिंदर चौधरी से खनन, सकीना इट्टू से शिक्षा विभाग छिना।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। मंत्रिमंडल विस्तार के एक दिन बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को मंत्रियों के विभागों का नए सिरे से बंटवारा कर दिया। इस फेरबदल में कई मंत्रियों को महत्वपूर्ण विभाग छीन लिए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के हाथ से खनन विभाग चला गया है और सकीना इट्टू को शिक्षा विभाग छोड़ना पड़ा। इस उलटफेर में जावेद डार ताकतवर होकर उभरे हैं। उन्हें वित्त विभाग के साथ खनन और सहकारिता विभाग भी मिले हैं। इससे पूर्व वित्त विभाग उमर अब्दुल्ला के पास ही था। पर्यटन विभाग अभी मुख्यमंत्री के पास ही रहेगा।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों की तीन जून 2026 को डाचीगाम नेशनल पार्क में हुई बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी से खनन और लोक निर्माण विभाग वापस लेने की मांग की थी।

चौधरी से खनन विभाग वापस लिया

ताजा फेरबदल में चौधरी से खनन विभाग वापस ले लिया गया है, लेकिन लोक निर्माण विभाग उनके पास बरकरार रखा गया है। मंगलवार को हुए मंत्रिमंडल फेरबदल में परिवहन व खेल मंत्री सतीश शर्मा की छुट्टी हो गई थी और चार नए मंत्री शामिल किए गए थे।

विस्तार के बाद जावेद अहमद राणा से वन एवं पर्यावरण और जलशक्ति विभाग भी वापस ले लिया गया है। वन क्षेत्रों पर कब्जे हटाने के मामले में वह अतिक्रमणकारियों के पक्ष में खड़े दिखाई दिए थे। साथ ही जलशक्ति विभाग भी लगातार विवादों में चल रहा था।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर विभागों के आवंटन का औपचारिक आदेश जारी किया। हालांकि, बिजली विभाग मुख्यमंत्री ने सबसे वृद्ध सहयोगी अली मोहम्मद सागर को सौंप दिया है। जो विभाग किसी भी मंत्री को आवंटित नहीं हैं,उनका कार्यभार मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ही संभालेंगे।

सतीश शर्मा के विभाग यूं बंटे 

सतीश शर्मा के पास रहे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और परिवहन विभाग जावेद अहमद राणा को दिए गए हैं, जबकि युवा सेवा एवं खेल तथा एआरआइ एवं प्रशिक्षण विभाग मीर सैफुल्ला को सौंपे गए हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग किसी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं और मुख्यमंत्री के पास रहेंगे।

किस मंत्री को मिले कौन से विभाग

  • उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी: लोक निर्माण (सड़क एवं भवन), उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम एवं रोजगार तथा कौशल विकास
  • अली मोहम्मद सागर: राजस्व, बिजली विकास, विधि एवं संसदीय कार्य, आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण और निर्वाचन विभाग
  • सकीना इट्टू: स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और समाज कल्याण
  • जावेद अहमद राणा: खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, जनजातीय कार्य और परिवहन विभाग
  • जावेद अहमद डार: कृषि उत्पादन, वित्त, खनन और सहकारिता विभाग
  • मीर सैफुल्ला: योजना, विकास एवं निगरानी, संस्कृति, युवा सेवा एवं खेल तथा एआरआई एवं प्रशिक्षण विभाग।
  • शमीमा फिरदौस: स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा व जलशक्ति
  • अल्ताफ अहमद वानी : वन एवं पर्यावरण तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: उमर सरकार को बड़ा झटका, 3 नवंबर को इस्तीफा देंगे सांसद सैयद रुहुल्ला मेहदी