हर्षदेव ने कहा जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव टाल लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा
पिछले पांच साल के दौरान छह सौ से अधिक विरोध प्रदशर्न किए गए हैं। पार्टी जनहित के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी। सरकार की नाकामियों को लोगों के बीच ले जाने का अभियान जारी रखेगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने अनुच्छेद 370 हटने के बाद लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव को टाला जा रहा है। जम्मू कश्मीर में लोकप्रिय सरकार बनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे है। ऐसी खबरें सुनने में आ रही है कि राजनीतिक पृष्ठ भूमि वाले लोगों को उपराज्यपाल का सलाहकार नियुक्त करने की तैयारी है।
मजालता तहसील के मानसर, बट्टल, पलडाई, नाली और खून में जनसभाओं को संबोधित करते हुए हर्षदेव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर में अप्रत्यक्ष तरीके से सत्ता को अपने पास रखना चाहती है। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का लगातार टलना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। चार जून 2019 को यह बयान आया था कि श्री बाबा अमरनाथ यात्रा के बाद विधानसभा के चुनाव करवाए जाएंगे। पूर्व जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में उपराज्यपाल यह कह चुके है कि विधानसभा चुनाव जल्द करवाए जाएंगे।
अभी तक परिसीमन करने को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है। कुछ राजनीतिक पार्टियों की तरफ से गुमराह करने वाले बयान दिए जा रहे है। परिसीमन को लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है।
आर्थिक मंदी, महंगाई और बेरोजगारी का जिक्र करते हुए हर्षदेव सिंह ने कहा कि आम लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं ओर केंद्र सरकार इस तरफ कोर्इ ध्यान नहीं दे रही। हमने सरोर टोल प्लाजा को हटाने का मुद्दा जोरशोर से उठाया था क्योंकि इससे जम्मू के लोगों पर बोझ पड़ता है लेकिन इस पर भी कुछ नहीं हुआ। जम्मू के लोगों ने भाजपा को जनादेश दिया था लेकिन वह लोगों की उम्मीदों पर पूरा नहीं उतरी।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जम्मू की आवाज बनकर उबरी है। पिछले पांच साल के दौरान छह सौ से अधिक विरोध प्रदशर्न किए गए हैं। पार्टी जनहित के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी। सरकार की नाकामियों को लोगों के बीच ले जाने का अभियान जारी रखेगी।