यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंद्रजीत केसर की 20वीं पुस्तक का विमोचन
जागरण संवाददाता, जम्मू : डोगरी साहित्यकार इंद्रजीत केसर के डोगरी उपन्यास मुन्स का विमोचन

जागरण संवाददाता, जम्मू : डोगरी साहित्यकार इंद्रजीत केसर के डोगरी उपन्यास मुन्स का विमोचन डोगरी संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में किया गया। यह केसर की 20वीं पुस्तक है। उनका यह छठा डोगरी उपन्यास है। केसर का पहला कविता संग्रह फुल्ल खिड़दे रेह का प्रकाशन वर्ष 1998 में हुआ था। उपन्यासों के अलावा उनके कहानी संग्रह, निबंध संग्रह, भेंट संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं।
केएल सहगल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में डोगरी उपन्यास मुन्स का विमोचन जम्मू यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. आरडी शर्मा, डोगरी संस्था के अध्यक्ष प्रो. ललित मगोत्रा, प्रो. वीणा गुप्ता, डॉ. निर्मल विनोद एवं केसर के परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से किया।
कार्यक्रम के मुख्यअतिथि प्रो. आरडी शर्मा ने कहा कि केसर के इस उपन्यास से डोगरी साहित्य और समृद्ध हुआ है। उन्होंने डोगरी साहित्य में केसर के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से ही डोगरी समृद्ध हो रहा है। उन्होंने डोगरी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने कई साहित्यकारों को मंच प्रदान किया है। ऐसे प्रयासों से ही भाषा का संरक्षण एवं उत्थान संभव है।
डोगरी संस्था के अध्यक्ष प्रो. ललित मगोत्रा ने स्वागत भाषण में कहाकि केसर के इस उपन्यास ने डोगरी साहित्य को समृद्ध किया है। उपन्यास किसी भाषा को विशेष पहचान दिलाता है। उपन्यास में रूढि़यों और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाने का प्रयास है। प्रो. वीणा गुप्ता ने उपन्यास की आलोचनात्मक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उपन्यास की भाषा बहुत अच्छी है। इसमें बदलते डोगरा समाज की झलक दिखती है। मंच संचालन डॉ. निर्मल विनोद ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. चंचल भसीन ने पारित किया।