त्योहारी सीजन में जम्मू आने-जाने वालों को राहत, इन 4 ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच; आसानी से मिलेगी कन्फर्म बर्थ
उत्तरी रेलवे ने त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए जम्मू मंडल से चलने वाली कई प्रमुख ...और पढ़ें

जम्मू मंडल की ट्रेनों में बढ़ाए जाएंगे अतिरिक्त कोच। (फाइल फोटो)
HighLights
उत्तरी रेलवे ने त्योहारी सीजन के लिए अतिरिक्त कोच जोड़े।
जम्मू मंडल की कई ट्रेनों में स्थायी/अस्थायी वृद्धि की गई।
यात्रियों को कंफर्म बर्थ और आरामदायक यात्रा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए और उनकी यात्रा को सुगम व आरामदायक बनाने के लिए उत्तर रेलवे ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा जम्मू मंडल से चलने और गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में अस्थाई और स्थाई आधार पर अतिरिक्त कोच बढ़ाए जा रहे हैं जिससे यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी।
इन ट्रेनों में प्रमुख बदलाव
बडगाम-कटड़ा एक्सप्रेस में स्थायी वृद्धि: ट्रेन संख्या 14688/14687 बडगाम-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस की क्षमता में स्थायी रूप से विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में आठ कोचों के साथ चलने वाली इस ट्रेन को अब विस्ताडोम कोच सहित कुल 12 कोचों के साथ संचालित किया जाएगा। यह नई व्यवस्था आगामी दो नवंबर 2026 से बडगाम और कटड़ा दोनों दिशाओं से प्रभावी होगी।
भगत की कोठी-जम्मू तवी एक्सप्रेस (अस्थायी कोच): ट्रेन संख्या 14803/14804 भगत की कोठी-जम्मू तवी-भगत की कोठी में यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी तौर पर एक अतिरिक्त सेकंड क्लास कोच जोड़ा जा रहा है। यह व्यवस्था भगत की कोठी से पहली नवंबर से तीस नवंबर तक तथा जम्मू तवी से दो नवंबर से पहली दिसंबर तक लागू रहेगी।
साबरमती-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस: ट्रेन संख्या 19415 साबरमती-कटड़ा में पहली नवंबर 2026 को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। यही अतिरिक्त कोच वापसी में ट्रेन संख्या 19416 के साथ तीन नवंबर 2026 को कटड़ा से जुड़ेगा।
गांधीनगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस: ट्रेन संख्या 19223 गांधीनगर-जम्मू तवी में दो नवंबर 2026 को एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा, जो वापसी में ट्रेन संख्या 19224 से चार नवंबर 2026 को उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही तीन नवंबर 2026 को इसी ट्रेन (19223) में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच भी जोड़ा जाएगा, जो वापसी में पांच नवंबर 2026 को ट्रेन संख्या 19224 के साथ लगाया जाएगा।