सरकार गठन का कोई विकल्प नहीं : हर्षदेव
अगर राज्यपाल इस बात से संतुष्ट हो जाते है कि कोई भी पार्टी सरकार नहीं बनाना चाहती है तो विधानसभा को भंग करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू कश्मीर में कोई भी राजनीतिक पार्टी सरकार बनाने के लिए तैयार नहीं है। कानून के मुताबिक लंबे समय तक विधानसभा को निलंबित नहीं रखा जा सकता है। मौजूदा स्थिति में अगर राज्यपाल इस बात से संतुष्ट हो जाते है कि कोई भी पार्टी सरकार नहीं बनाना चाहती है तो विधानसभा को भंग करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। यह जानकारी राज्यपाल के सचिवालय ने सूचना अधिकार कानून के तहत उपलब्ध करवाई है। इसका खुलासा पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने पत्रकार वार्ता में किया।
आरटीआइ आवेदन के जवाब की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि राज्यपाल सचिवालय ने कहा था कि साल 2008 में गुलाम नबी आजाद सरकार के गिरने के बाद राज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए राजनीतिक पार्टियों को तीन दिन का समय दिया था। सात जुलाई 2008 को आजाद सरकार के गिरने के बाद दस जुलाई को राज्य विधानसभा को भंग कर दिया गया था। हर्षदेव सिंह ने कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि राज्यपाल ने माना है कि पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार गिरने के बाद कोई सरकार बनाने के लिए तैयार नहीं है। इसके बावजूद अभी तक विधानसभा को निलंबित रखा गया है। राज्यपाल के सचिवालय ने राज्यपाल की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्री, राष्ट्रपति को लिखे गए पत्रों की कॉपी देने से इन्कार कर दिया है।
अगर साल 2008 में तीन दिन के भीतर विधानसभा को भंग किया जा सकता है तो फिर चार महीने का समय बीत जाने के बाद भी कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया। एक जैसी स्थिति के लिए दो तरह के कानून नहीं हो सकते।